आगरालीक्स…आगरा के फाउंड्री नगर बस स्टेशन से अलीगढ़, हरिद्वार, सहारनपुर, बिजनौर सहित 10 रूटों के लिए बसों का संचालन शुरू. 250 बसें अब आईएसबीटी नहीं आएंगी. 138 करोड़ से आधुनिक बनेगा ये बस स्टेशन
आगरा के फाउंड्री नगर सैटेलाइट बस स्टेशन से अलीगढ़, हाथरस, मेरठ, सहारनपुर, हरिद्वार, बिजनौर सहित 10 रूटों के लिए बसों का संचालन आज एक जून से शुरू हो गया है. क्षेत्रीय प्रबंधक ब्रह्म प्रकाश अग्रवाल एवं महाप्रबंधक तुलाराम वर्मा ने बसों को हरी झंडी दिखाकर इसका शुभारंभ किया. इन दस रूटों पर संचालित होने वाली 250 बसें अब न तो आईएसबीटी आएंगी और न ही आईएसबीटी से जाएंगे. इस रूट पर जाने के लिए यात्रियों को रोडवेज की बसें अब फाउंड्री नगर से ही पकड़नी होंगी.138 करोड़ से बनेगा आधुनिक परिवहन केंद्र
आगरा का फाउंड्री नगर सैटेलाइट बस स्टेशन को आधुनिक परिवहन केंद्र के रूप में स्थापित किया जाएगा. इसके लिए परिवहन विभाग की ओर से 138 करोड़ रुपये की लागत से इसे पीपीपी मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा. इस समय बस स्टेशन पर सुविधा के लिए 50 लाख रुपये की लागत से विभिन्न व्यवस्थाओं का विस्तार किया गया है. बस स्टेशन में यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया गया है.
आईएसबीटी से अभी तक जाने वाली इन 250 बसों का संचालन फाउंड्री नगर बस स्टेशन से शुरू किए जाने के बाद हाइवे को जाम से काफी राहत मिलेगी. अब लंबी दूरी की अनेक बसों को शहर के अंदर प्रवेश नहीं करना होगा जिससे यातायात का दबाव कम होगा और हाइवे पर जाम से कुछ हद तक राहत मिलने की संभावना है.