आगरालीक्स...आगरा मे सोमवार को आएंगे विश्व हिंदू महासंघ के राष्ट्रीय संयोजक महंत मुकेशनाथ महाराज. तीन नवंबर को विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में करेंगे सहभागिता, पुलिस आयुक्त से सुरक्षा व्यवस्था की मांग
विश्व हिंदू महासंघ के राष्ट्रीय संयोजक एवं गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ के गुरु भाई महंत मुकेशनाथ जी महाराज दो दिवसीय प्रवास पर दो नवंबर को आगरा पहुंचेंगे। उनके आगमन और निर्धारित कार्यक्रमों को लेकर विश्व हिंदू महासंघ ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था एवं एस्कॉर्ट वाहन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। विश्व हिंदू महासंघ की ओर से पुलिस आयुक्त, आगरा को भेजे गए अनुरोध पत्र के अनुसार, महंत मुकेशनाथ महाराज दो नवंबर को सुबह 4:50 बजे ट्रेन संख्या 20494 सीडीजी एमडीयू एसएफ एक्सप्रेस से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। इसके बाद वह देहली गेट स्थित होटल चौखो जीमण के लिए प्रस्थान करेंगे। इसी दिन संगठन के पदाधिकारियों के साथ उनकी बैठक और रात्रि विश्राम का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
तीन नवंबर को सुबह 10 बजे देहली गेट स्थित बाबू गुलाब राय की मूर्ति पर माल्यार्पण किया जाएगा। सुबह 10:30 बजे पुलिस लाइन के निकट भार्गव गौशाला में गौवंश की सेवा का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके बाद सुबह 11 बजे होटल चौखो जीमिन में संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात होगी। दोपहर बाद पांच बजे महंत मुकेशनाथ महाराज देहली गेट स्थित विश्व हिंदू महासंघ व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष गौरव राय के आवास पर पहुंचेंगे। इसके बाद रात नौ बजे गोरखनाथ मंदिर, गोरखपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
विश्व हिंदू महासंघ के व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक गौरव राय ने पुलिस प्रशासन से महाराज के आगमन से लेकर प्रस्थान तक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही रेलवे स्टेशन, कार्यक्रम स्थलों और आवागमन के मार्गों पर आवश्यक पुलिस प्रबंध करने का अनुरोध किया है, ताकि सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।