आगरालीक्स…आगरा से 51वीं श्रवण गंगा यात्रा… 101 बसों एवं 50 कारों से श्रद्धालु हुए सोरों जी के लिए रवाना
श्रवण गंगा सेवा समिति के तत्वावधान में प्रत्येक माह पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित की जाने वाली गंगा यात्रा श्रृंखला के अंतर्गत रविवार को 51वीं श्रवण गंगा यात्रा का भव्य शुभारंभ श्री मनःकामेश्वर मंदिर, रावतपाड़ा से हुआ। इस अवसर पर 101 बसों एवं 50 कारों के माध्यम से हजारों श्रद्धालु पवित्र तीर्थराज सोरों जी गंगा घाट के लिए रवाना हुए। यात्रा के शुभारंभ से पूर्व मंदिर परिसर में श्री हनुमान चालीसा पाठ एवं श्री सुंदरकाण्ड पाठ का आयोजन किया गया। भक्तिमय वातावरण में गूंजते प्रभु श्रीराम के जयकारों ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा से सराबोर कर दिया। श्रद्धालुओं ने माँ गंगा के जयकारों के साथ यात्रा का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री मनःकामेश्वर नाथ मठ मंदिर के श्रीमहंत योगेश पुरी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता माधवी अग्रवाल, सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र से तीन बार के पूर्व विधायक सुरेश प्रताप गांधी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रामवीर भैया तथा सुधीर यादव उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन एवं आशीर्वचनों से श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया तथा सेवा, श्रद्धा और धर्म के इस अभियान की सराहना की। श्रवण गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि इस पुण्य कार्य को सफल बनाने में समिति के समस्त कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का अथक परिश्रम, समर्पण और सेवा भाव अत्यंत सराहनीय है। उनके कर्मठ योगदान के कारण ही यह सेवा यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है और हजारों श्रद्धालुओं को गंगा स्नान एवं धर्म लाभ प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद जिस धैर्य, साहस और आत्मीयता के साथ सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाया है, वह अत्यंत प्रेरणादायी है। आप सभी हमारी सबसे बड़ी शक्ति और अक्षय पूंजी हैं। आपके सहयोग और विश्वास से ही यह सेवा अभियान निरंतर जनकल्याण के पथ पर अग्रसर है। सूर्य प्रताप सिंह ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। अंत में माँ गंगा से समस्त श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना करते हुए उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि माँ गंगा की कृपा एवं जनसहयोग से यह सेवा अभियान भविष्य में भी निरंतर समाजहित में संचालित होता रहेगा।