आगरालीक्स…आगरा सहित यूपी में सिपाही भर्ती परीक्षा में कलावा, मंगलसूत्र जैसे धार्मिक चिन्हों पर नहीं होगी पाबंदी. 8 से 10 जून तक चलेगी लिखित परीक्षा. बोर्ड द्वारा दिए गए निर्देश
आगरा सहित यूपी के 75 जिलों में 8 से 10 जून तक प्रदेश पुलिस में 32,679 सिपाही और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती लिखित परीक्षा होने जा रही है. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने निर्देश दिया है कि इस बार लिखित परीक्षा में धार्मिक चिन्हों जैसे कलावा, मंगलसूत्र आदि पर पाबंदी नहीं होगी. निर्देश दिया गया है कि इनको काटने या हटाने की आवश्यकता नहीं है. हालांकि स्मार्ट गैजेट्स जैसे स्मार्ट फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच आदि ले जाने पर सख्ती होगी. रविवार को बोर्ड द्वारा परीक्षा की तेयारियों को लेकर सभी 75 जिलों के नोड अधिकारियों, आब्जर्वर और कंट्रोल रूम के प्रभारियों को निर्देश दिए हैं. डीजी भर्ती बोर्ड एसबी शिरडकर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बताया गया कि परीक्षा 75 जिलों के 1183 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में होगी. सिपाही के 32,979 पदों के लिए 28 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. डीजी ने परीक्षा में लगे प्रत्येक कर्मी व अधिकारी को दिशा निर्देशों को धरातल पर शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चत करने को कहा है. सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी को मजबूत करने के साथ लगातार मॉनिटरिंग की जाए. प्रत्येक अभ्यर्थी के आधार सत्यापन एवं ई केवाईसी के लिए आइरिश आधारित बायोमेट्रिक जांच के विभिन्न आधुनिक उपकरण केंद्रों पर लगाए जाएंगे जिनसे गुजरने के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश मिल सकेगा. प्रत्येक महिला अभ्यर्थी की जांच एनक्लोजर में महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ही की जाएगी. सभी अभ्यर्थी प्रवेश पत्र, आधार कार्ड एवं नीले या काले पेन के अतिरिक्त किसी अन्य सामग्री के साथ नहीं आएं. जूते मोजे के स्थान पर यथासंभव चप्पल पहन कर आएं.