आगरालीक्स….आगरा में हर दिन 80 घरों में लग रहे सोलर सिस्टम. पीएम सूर्यघर योजना में प्रदेश में 05 वें नंबर पर पहुंचा आगरा. डीएम के आदेश— पीएम सूर्य घर योजना के तहत मिल रहा लोन 7 दिन के अंदर मिले
आगरा की छतों पर सौर ऊर्जा का बड़ा उछाल देखा जा रहा है. यहां हर दिन 80 घरों में रूफटॉप लग रहे है जो कि सोलर सिटी बनने की ओर तेजी से बढ़ रहे कदम है. पीएम सूर्यघर योजना में प्रदेश में 05 वें नंबर पर आगरा है. सोमवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल अध्यक्षता में कलेक्ट्रट सभागार में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जनपद में सोलर रूफटॉप स्थापना में आ रही विभिन्न समस्याओं के बारे में विस्तृत समीक्षा की गई, परियोजना अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि अप्रैल माह में जनपद में कुल 2192 सोलर पावर प्लांट की स्थापना का कार्य किया गया है, जो प्रदेश में कुल सोलर रूफटॉप स्थापना के मामले में जनपद पांचवें स्थान पर है.बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अन्तर्गत जनपद में कुल स्थापना 18384 के सापेक्ष डिस्कॉम द्वारा सिर्फ 15840 सोलर प्लांट का निरीक्षण सम्पादित किया गया है, करीब 2500 की पेंडेंसी बनी हुई है, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा सम्बन्धित से कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई और टोरेंट तथा डीवीवीएनएल को निर्देशित किया गया कि निरीक्षण कार्य को अविलम्ब पूर्ण करते हुए सोलर वेंडरों के लिए एक अलग समर्पित विंडो खोलने के आदेश दिए, जिससे की उनकी समस्याओं का समाधान शीघ्र हो सके. बैठक में प्रबंधक, जिला अग्रणी बैंक आगरा को निर्देशित किया गया कि पीएम सूर्य घर योजना में बैंकों द्वारा प्रदत्त ऋण सुविधा हेतु प्राप्त आवेदनों के निस्तारण में हो रहे विलम्ब पर जवाब तलब किया एवं निर्देशित किया कि पीएम सूर्य घर योजना के अन्तर्गत प्राप्त आवेदन का 07 दिन में भुगतान सुनिश्चित किया जाए.
समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, प्रभारी परियोजना अधिकारी नेडा खगेन्द्र सिंह के साथ साथ सोलर वेंडर्स एवं आगरा रिन्यूएबल एनर्जी एसोसिएशन की तरफ से अध्यक्ष राजीव जैसवाल , अंशुल गुप्ता , आशीष गोयल , प्रशांत सुंदरानी , मयंक गोयल , प्रशांत जैन , डॉ दीपक , रवनीश यादव इत्यादि के द्वारा प्रतिभाग किया गया.