आगरालीक्स…प. बंगाल में पहली बार खिला कमल…असम में तीसरी बार बीजेपी की सरकार. पुडेचेरी में भी एनडीए..केरल में कांग्रेस…तमिलनाडु में महानायक बनके उभरे थलापती विजय
भारतीय जनता पार्टी ने आज इतिहास रच दिया है. पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पश्चिम बंगाल में बड़ी जीत हासिल की है. 293 सीटों की विधानसभा में भाजपा यहां 200 से अधिक सीटें जीतती दिख रही है तो वहीं ममता बनर्जी की टीएमसी 90 से कम सीटों पर आ गई है..पश्चिम बंगाल के साथ ही भाजपा ने असम में भी रिकॉर्ड जीत हासिल करते हुए लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी. इसके अलावा पुडुचेरी में भी एनडीए को जीत मिली है. वहीं केरल में कांग्रेस में जश्न का माहौल है. यूडीएफ की यहां जीत हुई है. सबसे बड़ी जीत तमिलनाडु में हुई है जहां नई पार्टी के साथ आए थलापति विजय की पार्टी टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर जीत रही है.पश्चिम बंगाल में बड़ी जीत
भाजपा के लिए सबसे बड़ी जीत पश्चिम बंगाल की है. पार्टी यहां 206 सीटें जीतती दिख रही है. सारे एग्जिट पोल से भी कहीं अधिक भाजपा यहां सीट जीत रही है. वहीं लगातार 15 साल से पश्चिम बंगाल की सरकार में काबिज ममता बनर्जी की टीएमसी को 80 सीटें मिलती दिख रही हैं. कांग्रेस को यहां से दो सीटें मिल रही हैं.
असम में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार
हेमंत विस्बा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार असम में सरकार बनाने जा रही है. 126 विधानसभा सीट में से भाजपा को यहां 102 सीटें जीतती मिल रही हैं. वहीं कांग्रेस को 21 और अन्य को तीन सीटें मिल रही हैं.
भाजपा समर्थित एनडीए की पुडुचेरी में जबर्दस्त जीत हुई है. केंद्र शासित इस प्रदेश की 30 विधानसभा सीट में से भाजपा को 18 सीट मिल रही हैं. 6 सीटें कांग्रेस को तथा 6 अन्य को मिलती दिख रही हैं.
केरलम में यूडीएफ
कांग्रेस के लिए अच्छी खबर केरल से है. लेफ्ट को हराकर कांग्रेस समर्थित यूडीएफ यहां भारी बहुमत से जीत रही है. 140 विधानसभा के केरल में यूडीएफ को 102 सीटें मिल रही हैं. वहीं एलडीएफ को 35 सीटें मिली हैं. भाजपा के लिए भी केरल से अच्छी खबर है. पहली बार एनडीए का केरल में खाता खुला है और वह तीन सीटें यहां से जीत रही है.
तमिलनाडु में महानायक बने विजय
सबसे बड़ी जीत अगर किसी को मिली है तो तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने थलापति विजय को. विजय की पार्टी टीवीके पहली बार में ही यहां से बहुमत के करीब पहुंच गई है. 234 विधानसभा के तमिलनाडु में विजय की पार्टी टीवीके को 106 सीटें मिलती दिख रही हैं. हालांकि बहुमत का आंकड़ा 118 है. लेकिन टीवीके ने डीएमके और अन्नाद्रमुक को भारी पटखनी दी है.