आगरालीक्स…आगरा में कार चोरी का झूठा मुकदमा दर्ज कराने वाले भाजपा नेता ने कोर्ट में किया सरेंडर, भेजा जेल.
आगरा में अपनी ही कार चोरी का झूठा मुकदमा दर्ज कराने के आरोप में भाजपा नेता देवकीनंदन शर्मा ने आगरा न्यायालय में समर्पण कर दिया. कोर्ट ने आरोपी भाजपा नेता को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है.ये है मामला
साल 2024 में भाजपा नेता देवकीनंदन ने थाना जगनेर में मुकदमा दर्ज कराया था. इसमें बताया कि उसकी बोलेरो गाड़ी संख्या यूपी 80 ईटी 1679 चोरी हो गई है. काफी प्रयास के बाद भी कार नहीं मिली जिसके बाद पुलिस ने मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी, लेकिन कागारौल् पुलिस ने तफ्तीश जारी रखी थी.
भाजपा नेता ही निकला मास्टरमाइंड
पुलिस की जांच में सनसनीखेज खुलासा तब हुआ जब खुद एफआईआर करने वाला भाजपा नेता देवकी नंदन ही मास्टरमाइंड निकला. आरोपी ने इस गाड़ी को पहले ही जगनरे निवासी दीपक कुमार मंगल को बेच दी थी लेकिन गाड़ी उसके नाम ट्रांसफर नहीं की थी. इसके बाद पैसे की तंगी का हवाला देकर देवकी नंदन ने अपने सगे भाई मनमोहन शर्मा उर्फ छोटू के साथ मिलकर अपनी ही बेची हुई गाड़ी को चोरी करने की साजिश रच डाली. इसमें देवकी नंदन भगवान टाकीज के सामने गाड़ी की नकली चाबी बनवाकर लाया और दीपक के घर के सामने खड़ी गाड़ी को चोरी करवा दिया. इसके बाद शातिर भाइयों ने इस गाड़ी को जयपुर के एक खरीदार पुनीत सिरोही को बचे दिया. पुलिस ने टोल टैक्स के मैसेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर जांच की तो करीब 400 पन्नों की चार्जशीट में इन दोनों भाइयों के कारनामेां की पूरी कुंडली खोलकर रख दी.
चार्जशीट दाखिल होने के बाद कोर्ट द्वारा आरोपी भाइयों को समन और नोटिस भेजे गए लेकिन ये कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहे थे. दबाव के चलते इन्होंने अग्रिम जमानत के लिए प्रार्थना पत्र भी दिया लेकिन वो खारिज हो गया. कोर्ट ने दोनों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया था. बीते मंगलवार को भी अपर जिला जज (दशम) की अदालत में देवकी नंदन की तरफ से अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई गई थी जिसे भी कोर्ट ने खारिज कर दिया. गुरुवार को भाजपा नेता देवकी नंदन ने अदालत में सरेंडर कर दिया जहां से उसे सीधे जेल भेज दिया.