आगरालीक्स आगरा से पीएनबी के मैनेजर को सीबीआई ने पकड़ा है, आगरा पहुंची सीबीआई की टीम ने कई घंटे जांच की, जानें पूरा मामला।
आगरा में पीएनबी के जैतपुर की भदरौली ब्रांच में गुरुवार को सीबीआई की टीम पहुंची। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, टीम ने पीएनबी के मैनेजर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ अरेस्ट कर लिया। मैनेजर को टीम अपने साथ ले गई और आगे की कार्रवाई के लिए सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाएगा।
ये है पूरा मामला
सोलर पैनल लगवाने पर उपभोक्ता के खाते में सब्सिडी बैंक के माध्यम से भेजी जाती है। पैनल लगवाने के लिए लोग बैंक से लोन ले रहे हैं, एक प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी ने सीबीआई में शिकायत की कि पीएनबी की भदरौली ब्रांच में सोलर पैनल के लोन के लिए 19 फाइल दी थी, प्रति फाइल सात हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। जबकि बैंक द्वारा पहले से ही लोन की मंजूरी दी जा चुकी है। इसके बाद भी पैसे मांगे जा रहे हैं।
सीबीआई ने जाल बिछाकर की छापेमारी
सीबीआई की टीम ने पीएनबी के मैनेजर को पकड़ने के लिए जाल बिछाया, शिकायकर्ता ने पीएनबी के बैंक मैनेजर से बात की और 19 फाइल के लिए 30 हजार रुपये पर बात बन गई। सीबीआई की 12 सदस्यीय टीम आगरा पहुंची, टीम ने 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पीएनबी के बैंक मैनेजर को अरेस्ट कर लिया, टीम ने बैंक से दस्तावेज भी जब्त किए हैं और बैंक मैनेजर को अपने साथ लेकर टीम चली गई।