आगरालीक्स…आगरा कॉलेज में लॉ इंटर्नशिप पूरी करने वाले छात्र—छात्राओं का दिए गए सर्टिफिकेट. जनपद न्यायाधीश ने कहा—विधिक शिक्षा केवल कानून का ज्ञान प्राप्त करना नहीं, समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना भी
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में गुरुवार को आगरा कॉलेज, आगरा के सेमिनार हॉल में विधि इंटर्नशिप पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए भव्य प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष संजय कुमार मलिक ने की। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शारिब अली, सचिव पूर्णकालिक/अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पंकज कुमार-I, प्रो. डॉ. अरुण कुमार दीक्षित (कोऑर्डिनेटर) तथा डॉ. मदन मोहन शर्मा, अध्यक्ष, श्री बांके बिहारी एजुकेशनल सोसायटी मंचासीन रहे. समारोह में आगरा कॉलेज विधि विभाग के अध्यक्ष डीसी. मिश्रा, शशिकांत पांडे, प्रमिला शर्मा, विधि संकाय के शिक्षकगण, अधिवक्तागण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।जनपद न्यायाधीश संजय कुमार मलिक ने कहा कि विधिक शिक्षा का उद्देश्य केवल कानून का ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुँच सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से न्याय, सेवा और संवेदनशीलता के मूल्यों को अपने जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शारिब अली एवं सचिव पूर्णकालिक पंकज कुमार-I ने विद्यार्थियों को विधिक सेवा प्राधिकरण की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप से प्राप्त व्यावहारिक अनुभव विद्यार्थियों के विधिक जीवन की सुदृढ़ नींव बनेगा। कोऑर्डिनेटर डॉ.अरुण कुमार दीक्षित ने इंटर्नशिप कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि न्यायालयों एवं विधिक संस्थाओं से प्राप्त अनुभव विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और व्यावसायिक दक्षता को नई दिशा प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर डॉ. मदन मोहन शर्मा ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं आगरा कॉलेज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व,विधिक जागरूकता और राष्ट्र सेवा की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने सभी प्रशिक्षु विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान विधि इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।
