आगरालीक्स…आगरा में एक साथ विवाह बंधन में बंधे चार जोड़े, नाचते गाते पहुंचे बाराती. लायंस क्लब आगरा विश्वास ने किया कन्यादान, उपहार दिए
लायंस क्लब विश्वास की ओर से निर्धन परिवारों के चार जोड़ो का सामूहिक विवाह समारोह विजय नगर स्थित विजय क्लब में आयोजित किया। समारोह के मुख्य अतिथि लायंस क्लब के वीडीजी प्रथम डॉ. आर.एन. वर्मा एवं वीडीजी द्वितीय अजय भार्गव ने संयुक्त रूप ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। डॉ. आर.एन. वर्मा ने कहा कि जब किसी बेटी का हाथ किसी सच्चे वर के हाथ में समाज की सहायता से रखा जाता है, तब ईश्वर स्वयं आशीर्वाद देते हैं। विवाह केवल दो व्यक्तियों का मिलन नहीं, बल्कि संस्कारों, परिवारों और समाज का सुंदर संगम है। अजय भार्गव ने कहा कि सामूहिक विवाह समाज में समानता और सहयोग की मिसाल हैं। गरीब परिवारों की बेटियों को सम्मानपूर्वक विदा देना समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
अध्यक्ष मयंक अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन चार परिवारों की उम्मीदों और नई शुरुआत का उत्सव है। बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ चार दूल्हों की बारात विजय क्लब पहुंची, जहां क्लब की महिला सदस्य रश्मि अग्रवाल, वंदना गर्ग, रितु मित्तल, मीनू अग्रवाल, निधि बंसल, नमिता अग्रवाल, रितिका गुप्ता और नूपुर गोयल ने पारंपरिक रीति-रिवाजों से उनका स्वागत किया। इसके बाद जयमाला की रस्म पूरी होने पर पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। सचिव सुशिल बंसल व कोषाध्यक्ष सिद्धार्थ बंसल ने बताया कि नवविवाहित जोड़ो को गृहस्थी आरंभ करने के लिए अलमारी, टीवी, फ्रिज, डबल बेड, सिलाई मशीन, कूलर, सूटकेस, वाटर कूलर, बर्तन और अन्य आवश्यक सामग्री भी उपहार स्वरूप प्रदान की गई।
संयोजक निखिल गर्ग ने बताया कि वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अमित संग कविता, बीरपाल संग सलोनी, दीपक संग पूनम और विष्णु संग हिमानी नवयुगलों ने सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। इसके बाद भावुक माहौल में सभी जोड़ों को विदाई दी गई, जहां उपस्थित जनों की आंखें नम हो उठीं। इस अवसर पर अनुपम अग्रवाल, प्रशांत मित्तल, राजीव अग्रवाल, संजीव मित्तल, अजय अग्रवाल, राजकुमार कोल, महेश अग्रवाल, रितेश गुप्ता, दीपक गोयल, अनित अग्रवाल आदि मौजूद रहे।