आगरालीक्स…आगरा में फ्री में फ्रेंच, रूसी और जर्मन भाषाएं साीखने का मौका. यूनिवर्सिटी की ओर से एक माह के लिए शुरू हो रहा निःशुल्क फ्रेंच, रूसी एवं जर्मन वैल्यू-ऐडेड कोर्स…जल्द कराएं पंजीकरण
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के केएम इंस्टिट्यूट ऑफ हिंदी एवं भाषाविज्ञान स्थित विदेशी भाषा विभाग द्वारा विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं भाषा प्रेमियों के लिए “Basic Knowledge of French, Russian & German Languages” विषय पर एक माह का निःशुल्क वैल्यू-ऐडेड कोर्स आयोजित किया जा रहा है। यह पाठ्यक्रम 01 जून 2026 से 30 जून 2026 तक संचालित होगा।विदेशी भाषा विभाग द्वारा आयोजित यह विशेष पहल नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों के अनुरूप विद्यार्थियों को वैश्विक अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। वर्तमान समय में विदेशी भाषाओं का ज्ञान शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, अनुवाद, अंतरराष्ट्रीय व्यापार एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में नई संभावनाओं के द्वार खोल रहा है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को फ्रेंच, रूसी एवं जर्मन भाषाओं की आधारभूत जानकारी उपलब्ध कराएगा।
कोर्स के दौरान प्रतिभागियों को विदेशी भाषाओं की मूल शब्दावली, सामान्य वार्तालाप, सही उच्चारण, दैनिक उपयोग के वाक्य, भाषा संरचना तथा संबंधित देशों की संस्कृति से परिचित कराया जाएगा। प्रशिक्षण विदेशी भाषा विभाग के अनुभवी एवं विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा दिया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं प्रभावी शिक्षण अनुभव प्राप्त हो सकेगा।
कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि नई शिक्षा नीति के इस दौर में विदेशी भाषाओं का ज्ञान विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं करियर निर्माण में अत्यंत सहायक सिद्ध हो रहा है। ऐसे वैल्यू-ऐडेड कोर्स विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिस्पर्धी बनाने के साथ-साथ उन्हें वैश्विक सोच और बेहतर संवाद क्षमता प्रदान करेंगे।
वहीं संस्थान के निदेशक प्रो. प्रदीप श्रीधर ने कहा कि संस्थान सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु नवीन एवं उपयोगी शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन करता रहा है। उन्होंने बताया कि यह पाठ्यक्रम विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी होगा जो भविष्य में विदेशी भाषाओं में उच्च अध्ययन, अनुवाद, पर्यटन उद्योग, अंतरराष्ट्रीय संस्थानों अथवा विदेश में शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों की तैयारी करना चाहते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि रूसी, फ्रेंच एवं जर्मन जैसी भाषाओं की मांग निरंतर बढ़ रही है और ऐसे प्रारंभिक पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को वैश्विक संस्कृति एवं आधुनिक संचार प्रणाली से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उल्लेखनीय है कि यह कोर्स विदेशी भाषा विभाग, के.एम. इंस्टिट्यूट ऑफ हिंदी एवं भाषाविज्ञान, पालीवाल पार्क परिसर में आयोजित किया जाएगा तथा यह पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। सीमित सीटों को ध्यान में रखते हुए विभाग ने इच्छुक विद्यार्थियों से शीघ्र पंजीकरण कराने की अपील की है।