आगरालीक्स…पालना उत्सव में पुष्पों से सजे हिंडोले में झूले ठाकुरजी…आगरा के प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज मंदिर में हुआ लाल जी के पालना उत्सव का भव्य आयोजन
पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर मधुराधीश जी मंदिर में लालजी का भव्य पालना मनोरथ एवं उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों, रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा एवं पारंपरिक बंदनवारों से सजाया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। इसके पश्चात ठाकुर श्री लालजी को विशेष श्रंगार से अलंकृत पुष्पों से सुसज्जित पालने में विराजमान किया गया। श्रद्धालुओं के लिए बड़ी संख्या में वैष्णव भक्त मंदिर पहुंचे। भक्तों ने बारी-बारी से पालना झुलाकर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया। जय श्रीकृष्ण और लालजी सरकार की जय के उद्घोषों से मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। उत्सव के दौरान भजन मंडली द्वारा मधुर कृष्ण भजनों एवं कीर्तन की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे और पूरे वातावरण में भक्ति रस की अविरल धारा बहती रही। महिलाओं एवं युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्सव की शोभा बढ़ाई। पुरुषोत्तम मास भगवान विष्णु एवं श्रीकृष्ण की विशेष आराधना का महीना माना जाता है। इस पवित्र मास में किए गए धार्मिक अनुष्ठान, सेवा एवं भक्ति का विशेष पुण्य फल प्राप्त होता है। इसी उद्देश्य से लालजी के पालना मनोरथ का आयोजन किया गया, जिससे भक्त प्रभु के सान्निध्य का आध्यात्मिक आनंद प्राप्त कर सकें। इस अवसर पर मुख्य रूप से विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, मंदिर के महन्त नन्दन श्रोत्रिय, प्रमोद खंडेलवाल, राजकुमार खंडेलवाल, ब्रज खंडेलवाल, रजत, अनुज, आशु, अमित खंडेलवाल, जुगल श्रोत्रिय आदि उपस्थित थे।