आगरालीक्स…आगरा में लाखों की चोरी. शादी में गया था परिवार, पीछे से चोरों ने लाखों रुपये का कैश और जेवरात कर दिए पार..सीसीटीवी देखकर उड़ गए होश
आगरा में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है. थाना ट्रांसयमुना थाना क्षेत्र में बीती रात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाया और यहां से लाखों रुपये का कैश और जेवर साफ कर दिए. पीड़ित परिवार अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए गया था. वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है और चोर भी दिखाई दे रहे हैं.ये है पूरा मामला
कालिंदी विहार के डी 1023 में नन्नेश कश्यप रहते हैं. मंगलवार को वे अपने परिवार के साथ मथुरा में शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे. देर रात करीब एक बजे बाइक सवार दो बदमाश घर के बाहर पहुंचे. दोनों ने पहले रेकी की और फिर मुख्य दरवाजे का कुंदा तोड़कर घर में दाखिल हो गए. चोरों ने अंदर के कमरों के भी ताले चटका दिए और अलमारी में रखी करीब साढ़े चार लाख रुपये कैश, डेढ़ से दो लाख रुपये के पुश्तैनी जेवर चोरी कर ले गए.
सुबह करीब छह बजे पड़ोसियों ने घर के बाहर का ताला टूटा देखा जिसके बाद पीड़ित परिवार केा सूचना दी गई. मौके पर पीड़ित परिवार पहुंच गया. सूचना पर पुलिस आई और घटनास्थल का निरीक्षण किया. चोर सीसीटीवी में कैद हो गए हैं. इसके आधार पर पुलिस इनकी पहचान में जुटी है.