आगरालीक्स ,,,Agra News: वीडियो, आगरा के किनारी बाजार में तीन मंजिला ज्वैलरी शोरूम की बिल्डिंग तेज धमाके के साथ गिरी, दहशत में बाहर निकल आए लोग।
आगरा की सीताराम कॉलोनी बल्केश्वर के रहने वाले ज्वैलर रिंकू बंसल का किनारी बाजार में तीन मंजिला ज्वैलरी शोरूम है। उनका चांदी की ज्वैलरी और बर्तन का काम है। उन्होंने पांच साल पहले तीन मंजिला बिल्डिंग ली थी, बिल्डिंग के पीछे मरम्मत का काम चल रहा था। गुरुवार को दिन में ज्वैलरी शोरूम खुला था, रात को शोरूम बंद कर वे अपने घर चले गए। रात करीब 11.45 बजे तेज धमाके की आवाज होने पर किनारी बाजार के आस पास के रिहायशी इलाके में रहने वाले लोग दहशत में आ गए, वे अपने घरों से बाहर निकल आए।
तीन मंजिला बिल्डिंग ढही, सड़क पर बिखरा पड़ा मलबा
ज्वैलर रिंकू बंसल की तीन मंजिला बिल्डिंग पूरी तरह से ढह गई, तेज आवाज के साथ बिल्डिंग गिरने के साथ ही पूरी सड़क पर मलबा बिखर गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस फोर्स के साथ ही ज्वैलर रिंकू बंसल भी पहुंच गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मलबे में कोई व्यक्ति तो नहीं फंसा है इसके लिए कुछ देर रेस्क्यू आपरेशन भी चलाया लेकिन हादसा रात के समय हुआ था इसलिए किनारी बाजार बंद था और वहां कोई अन्य व्यक्ति नहीं था। तीन मंजिला बिल्डिंग के गिरने के साथ ही एक और दुकान भी क्षतिग्रस्त हुई है।
किनारी बाजार में दिन में रहती है भीड़, बड़ा हादसा टला
किनारी बाजार व्यस्त बाजार है यहां ज्वैलरी के शोरूम सहित अन्य दुकानों हैं। पुराना बाजार होने के कारण दिन में यहां लोगों की भीड़ रहती है। हादसा रात में हुआ इसलिए कोई जन हानि नहीं हुई है। किनारी बाजार में सैकड़ों साल पुरानी बिल्डिंग हैं, इनकी मरम्मत भी नहीं होती है। इंस्पेक्टर भानु प्रताप ने बताया कि सड़क से मलबा रात में ही हटवाना शुरू करा दिया गया जिससे रास्ता बंद ना हो।