आगरालीक्स…Agra News: आगरा में हाईप्रोफाइल ट्रांसपोर्टर कंपनी के मालिक असगर अली की एक्सीडेंट में मौत को हत्या मानते हुए पुलिस ने जांच की दिशा बदल दी है। ( Agra Live News: Transporter Asgar Ali death case, Police investigation change towards murder )
जिस कार से एक्सीडेंट हुआ वह कार जालौन निवासी प्रेम नारायण के नाम थी लेकिन प्रेम नारायण हरीपर्वत क्षेत्र की गोशाला में कर्मचारी है। रवि यादव जिस पर ट्रांसपोर्टर के परिजनों ने शक जताया है उसके मोबाइल की लॉकेशन घटना के समय घटनास्थल के पास मिली थी। इस मामले में ट्रांसपोर्टर के परिजनों द्वारा जीएसटी अधिकारी निवेदिता सिंह और उनके पति अजय सिंह पर शक जाहिर करने के बाद मामला हाईप्रोफाइल हो गया है, पुलिस हर पहलू की जांच में सुबूत भी जुटा रही है जिससे कार्रवाई हो सके।
आगरा में 4 अप्रैल की सुबह मेवाती गली भोगीपुरा निवासी ट्रांसपोर्ट कंपनी मालिक असगर अली की तेज स्पीड कार के एक्सीडेंट से मौत हो गई थी। परिजनों ने हत्या के आरोप लगाए थे। पुलिस ने ट्रांसपोर्टर असगर अली के बेटे डॉ. सजमन अली की तहरीर पर एक्सीडेंट का मुकदमा दर्ज किया था, डॉ. सजमन अली ने जीएसटी अधिकारी निवेदिता सिंह, अजय सिंह, रवि यादव सहित अन्य पर शक जताया था।
मुकदमा हत्या की धारा में हो सकता है तरमीम
मीडिया रिपोर्ट में पुलिस सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि इस मामले में ट्रांसपोर्टर असगर अली की मौत का मुकदमा हत्या में तरमीम हो सकता है। पुलिस की जांच में सीसीटीवी में कार भी दिखाई दी थी, कार मालिक जालौन निवासी प्रेम नारायण है, प्रेम नारायण ने यह कार दिल्ली के रहने वाले युवक से खरीदी थी। जांच में आगे सामने आया है कि प्रेम नारायण आगरा में ही रहता है और हरीपर्वत क्षेत्र की गोशाला में कर्मचारी है। वहीं, रवि यादव पर शक जताया गया है कि, रवि यादव की लॉकेशन घटना स्थल के पास थी। पुलिस रवि यादव की तलाश में जुटी है, उसके प्रयागराज में होने का शक है।