आगरालीक्स…(5 January 2022 Agra News) आगरा में मेट्रो की बाउंड्री वॉल का काम हुआ पूरा. सुंदर और आकर्षक दिखेगी सड़क…दिव्यांग लोगों को लिए बनेगा टेक्टाइल पाथ….
सौन्दर्यीकरण का काम शुरू
सर्किट हाउस रोड पर आगरा मेट्रो डिपो की बाउंड्री वॉल का निर्माण पूर्ण होने के बाद सौन्दर्यीकरण कार्य शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा पुरानी मंडी चौराहे से लेकर माल रोड पर सैयद तिराहे तक डिपो परिसर की बाउंड्री के किनारे फुटपाथ का निर्माण शुरू हो गया है। इसके बाद यहां पौधे व टाइल्स भी लगाए जाएंगे। इस फुटपाथ पर दिव्यांग लोगों के लिए विशेष पथ (टेक्टाइल पाथ) भी बनाया जाएगा।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक श्री कुमार केशव हमेशा से हरियाली विकसित करने पर जोर देते रहे हैं। इसी का परिणाण है कि आगरा मेट्रो रेल परियोजना में अधिक से अधिक हरियाली विकसित की जाएगी। आगरा मेट्रो द्वारा सर्किट हाउस रोड पर फुटपाथ के निर्माण के साथ ही हरियाली विकसित करने का काम शुरू कर दिया गया है। यूपी मेट्रो द्वारा डिपो परिसर में भी हरित क्षेत्र (ग्रीन एरिया) विकसित किया जाएगा, जहां बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा।
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक प्रबंध निदेशक कुमार केशव की पर्यावरण के प्रति सजगता एवं उनकी नीतियों का ही परिणाम है कि कानपुर मेट्रो प्रोजेक्ट के सभी 9 स्टेशनों को ग्रीन सिस्टम प्रमाणित करने वाली देश की सर्वोच्च संस्था इण्डियन ग्रीन बिल्डिंग काऊन्सिल (आई.जी.बी.सी) द्वारा ग्रीन मेट्रो रेल सिस्टम के रूप में प्रमाणित किया गया है। इससे पहले लखनऊ मेट्रो के सारे 21 मेट्रो स्टेशनों को आई.जी.बी.सी की प्लेटिनम रेटिंग से प्रमाणित किया जा चुका है।

ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच बन रहे प्रथम कॉरिडोर के लिए पीएसी मैदान में विश्वस्तरीय डिपो का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना के शुभारंभ के बाद से अबतक डिपो परिसर में 60 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो गए है। डिपो परिसर के चारो ओर 2450 मीटर लंबी कंपाउंड बाउंड्री वॉल का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें से 2400 मीटर से अधिक बाउड्री वॉल बनकर तैयार भी हो गई है।
गौरतलब है कि ताजनगरी में 29.4 किमी लंबे दो कॉरिडोर का मेट्रो नेटवर्क बनना है, जिसमें 27 स्टेशन होंगे। ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच 14 किमी लंबे पहले कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. इस कॉरिडोर में 13 स्टेशनों का निर्माण होगा। जिसमें 6 एलीवेटिड जबकि 7 भूमिगत स्टेशन होंगे. इस कॉरिडोर के लिए पीएसी परिसर में डिपो का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच लगभग 16 कि.मी. लंबे दूसरे कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा, जिसमें 14 ऐलीवेटेड स्टेशन होंगे। इस कॉरिडोर के लिए कालिंदी विहार क्षेत्र में डिपो का निर्माण किया जाएगा।