आगरालीक्स ..आगरा मेट्रो के लिए होटल आईटीसी मुगल की 300 वर्ग मीटर जमीन पर मेट्रो स्टेशन बनेगा, ताजमहल पूर्वी गेट से जामा मस्जिद तक के मेट्रो के पहले कॉरीडोर के लिए जल्द काम शुरू कराने के लिए कहा गया है।
गुरुवार को लखनऊ में प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें आगरा मेट्रो के पहले कॉरीडोर ताज पूर्व गेट से से जामा मस्जिद तक काम शुरू कराने पर जोर दिया गया। इसमें आईटीसी मुगल के पास मेट्रो स्टेशन बनाया जाना है, इसके लिए होटल की 300 वर्गमीटर जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी दी गई। वहीं, मेट्रो यार्ड के लिए पीएसी की जमीन के अधिग्रहण की जानकारी दी गई। यहां से पीएसी को महुआखेड़ा शिफ्ट किया जाएगा। वहां आठ हेक्टेयर जमीन पीएसी को दी जाएगी। बैठक में तय कि या गया कि कास्टिंग यार्ड के लिए अलग से जमीन की तलाश की जाए जो मेट्रो कारीडोर के पास हो और ग्राम समाज की हो। जिलाधिखारी को इसके लिए जमीन तलाशने की जिम्मेदारी दी गई है।
आगरा मेट्रो के लिए दो लेखपाल होंगे तैनात
आगरा मेट्रो के लिए दो लेखपालों की नियुक्ति करने की मांग की गई, जिसमें तय हुआ कि राजस्व परिषद से दो लेखपालों की तैनाती प्रतिनियुक्ति के आधार पर कराये जाने की कार्रवाई की जाए।
8379 करोड का प्रोजेक्ट
आगरा मेट्रो रेल परियोजना 8379 करोड से बनेगी, मेट्रो का काम पांच साल में पूरा होना है, यानी 2024 में आगरा में मेट्रो ट्रेन चलने लगेगी। आगरा मेट्रो रेल परियोजना में दो कारिडोर होंगे, पहला कॉरिडोर सिकंदरा से ताप पूर्वी गेट तक होगा, यह 14 किलोमीटर का होगा और 13 स्टेशन होंगे। दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक 15 40 किलोमीटर तक का होगा। इसमें 14 स्टेशन होंगे और ये सभी एलिवेटेड होंगे। आगरा मेट्रो रेल परियोजना पर प्रदेश और केंद्र सरकार की संयुक्त कंपनी लखनउ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन काम करेगी। यह कंपनी आगरा में मेट्रो ट्रेन के लिए ट्रैक, स्टेशन से लेकर ट्रेन चलाने का काम करेगी।
पहला कॉरीडोर ताज कॉरिडोर
सिकंदरा, गुरु द्वारा गुरु का ताल, आईएसबीटी, शास्त्रीनगर, यूनिवर्सिटी खंदारी परिसर, आरबीएस कॉलेज, राजा की मंडी, मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, जामा मस्जिद, आगरा फोर्ट, ताजमहल, फतेहाबाद रोड, बसई और ताजमहल पूर्वी गेट
दूसरा कॉरीडोर कालिंदी विहार कॉरिडोर
आगरा कैंट, सुल्तानपुरा, सदर बाजार, प्रतापपुरा, कलक्ट्रेट, सुभाष पार्क, आगरा कॉलेज, हरीपर्वत, संजय प्लेस, एमजी रोड, सुल्तानगंज की पुलिया, कमला नगर, रामबाग, पफाउंड्री नगर, मंडी समिति, कालिंदी विहार
दो डिपो बनेंगे
मेट्रो ट्रेन परियोजना में ट्रेनों के संचालन के लिए दो डिपो बनाए जाएंगे। इसमें से एक डिपो पीएससी ग्राउंड में 16. 3 हेक्टेयर में बनेगा और दूसरा कालिंदी विहार में 11. 9 हेक्टेयर में बनाया जाएगा।