आगरालीक्स …आगरा मेट्रो में दो महीने में कितने लोगों ने यात्रा की, जानकर हैरान रह जाएंगे, सुकून देने वाली सहूलियत। सात मार्च को शुरू हुई थी आगरा मेट्रो।
आगरा मेट्रो सात मार्च से लोगों के लिए शुरू हुई थी। छह किलोमीटर लंबे ट्रैक पर आगरा मेट्रो श्री मनकामेश्वर मंदिर से आगरा किला यानी आंबेडकर चौक, ताजमहल यानी पुरानी मंडी चौराहा, कैप्टन शुभम गुप्ता यानी फतेहाबाद रोड, ताजमहल पूर्वी गेट यानी शांति मांगलिक हॉस्पिटल के सामने तक आगरा चल रही है। छह किलोमीटर में आगरा मेट्रो से लोग यात्रा कर रहे हैं।
हर रोज 10 से 11 हजार यात्री, 6.90 लाख ने की यात्रा
आगरा मेट्रो के शुरू होने के साथ ही एक दिन में 20 हजार से अधिक लोगों ने यात्रा की, इसके बाद 15 दिन तक लोग मेट्रो देखने के लिए यात्रा करते रहे। मगर, अब वे लोग यात्रा कर रहे हैं जो बिजलीघर से ताजगंज क्षेत्र में हर रोज जाते हैं। इससे यात्रियों की हर रोज औसत संख्या 10 से 11 हजार आ रही है। दो महीने में आगरा मेट्रो से 6.90 लाख लोगों ने यात्रा की है। जबकि कानपुर में नौ किलोमीटर में मेट्रो चल रही है, वहां हर रोज पांच से छह हजार लोग ही यात्रा कर रहे हैं।
सोमवार और शुक्रवार को यात्रियों की संख्या अधिक
आगरा मेट्रो में सोमवार और शुक्रवार को यात्रा करने के लिए सबसे ज्यादा लोग पहुंच रहे हैं। सोमवार को लोग श्री मनकामेश्वर मंदिर में दर्शन करने के लिए आते हैं तो शुक्रवार को लोग ताजमहल में नमाज पढ़ने जाते हैं। इसके चलते इन दो दिनों में यात्रियों की संख्या अधिक है। इसके साथ ही आगरा किला के बाद पर्यटक ताजमहल देखने के लिए आगरा मेट्रो से ही जाने लगे हैं।
10 से 30 रुपये तक का किराया
आगरा मेट्रो का एक स्टेशन का किराया 10 रुपये है, दो स्टेशन का किराया 15 रुपये और छह स्टेशन के लिए यात्रा करने का किराया 30 रुपये है।