आगरालीक्स …आगरा मेट्रो के लिए 2.65 किलोमीटर लंबी सुरंग (टनल) बनने का काम शुरू हो गया है। टनल के अंदर से मेट्रो गुजरेगी। जानें पूरी डिटेल, यूपी मेट्रो रेल कारर्पोरेशन द्वारा पहले प्राथमिकता कारिडोर में ताजमहल पूर्वी गेट से जामा मस्जिद तक तीन अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन बनाए जा रहे हैं।
आगरा मेट्रो के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा रामलीला ग्राउंड में डायफ्राम वॉल के निर्माण का शुभारंभ किया गया है। यूपी मेट्रो के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने बताया कि आगरा मेट्रो प्रायॉरिटी कॉरिडोर में 3 भूमिगत स्टेशन (ताजमहल, आगरा फोर्ट एवं जामा मस्जिद) का निर्माण किया जा रहा है। फिलहाल, तीनों स्टेशनों पर निर्माण कार्य जारी है। आगरा फोर्ट होते हुए ताजमहल मेट्रो स्टेशन तक लगभग 2.65 कि. मी. टनल का निर्माण करेंगी। दो टनल बोरिंग मशीन के जरिए जामा मस्जिद से ताज महल मेट्रो स्टेशन की ओर टनल का निर्माण किया जाएगा।

रामलीला ग्राउंड में ट्रैक क्रॉसओवर
रामलीला ग्राउंड में कट एंड कवर प्रणाली के तहत 130 मीटर लंबाई एवं 25 मीटर चौडाई वाले ट्रैक क्रॉसओवर (ट्रेन के ट्रैक बदलने का स्थान) का निर्माण किया जा रहा है। जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर बन रहे क्रासओवर के अग्रिम भाग से दो टीबीएम को लॉन्च किया जाएगा।
मेट्रो के दो कॉरिडोर
आगरा में 29.4 किमी लंबे दो कॉरिडोर का मेट्रो नेटवर्क बनना है, जिसमें 27 स्टेशन होंगे। ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच 14 किमी लंबे पहले कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. इस कॉरिडोर में 13 स्टेशनों का निर्माण होगा। जिसमें 6 एलीवेटिड जबकि 7 भूमिगत स्टेशन होंगे. इस कॉरिडोर के लिए पीएसी परिसर में डिपो का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच लगभग 16 कि.मी. लंबे दूसरे कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा, जिसमें 14 ऐलीवेटेड स्टेशन होंगे। इस कॉरिडोर के लिए कालिंदी विहार क्षेत्र में डिपो का निर्माण किया जाएगा।