आगरालीक्स(10th October 2021 Agra News) … आगरा में बदमाशों का धावा. लोगों ने घेरा तो की फायरिंग. एक व्यक्ति गंभीर घायल..
गांव कराहरा में वारदात
वारदात मलपुरा थाना क्षेत्र के गांव कराहरा में अंजाम दी गई। देर रात बदमाशों ने मनोज पुत्र बहादुर सिंह के घर में धावा बोल दिया। यहां से आभूषण और नगदी चोरी कर ली। इसके बाद बदमाशों ने रंधीर सिंह पुत्र छत्तर सिंह के घर पर धावा बोला। आहट सुनकर रंधीर सिंह जाग गए। उन्होंने शोर मचाया। ये देख बदमाशों ने फायरिंग कर दी। उन पर हमला कर दिया। वह लहूलुहान हो गए।
मां पर भी किया हमला
इधर गोली चलने की आवाज सुनकर उनकी मां गंगा देवी भी बाहर की ओर भागीं। बदमाशों ने उन पर लाठियों से हमला कर दिया। तब तक आसपास के लोग भी आ गए। अपने को घिरता देख बदमाश भाग गए। ग्रामीणों ने पीछा किया लेकिन वे हाथ नहीं आए।

ये सामान ले गए बदमाश
तब लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मलपुरा थाना प्रभारी ने बताया कि मेडिकल में गोली लगने की पुष्टि नही हुई है। मनोज ने बताया कि बदमाश करीब चार तोले सोना चांदी की पायल और नौ हजार रुपये ले गए। जानकारी पर सुबह किसान नेता घायल का हाल चाल लेने पहुंचे।
किसान नेता ने जाना हाल
जानकारी पर सुबह किसान नेता मोहन सिंह चाहर घायल का हाल चाल लेने पहुंचे। उन्होंने बताया कि घायल होने पर रंधीर सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, वहां से उन्हें छुट्टी दे दी गई। लगता है बदमाशों ने किसी धारदार हथियार से प्रहार किया होगा। इससे वह लहूलुहान हो गए।