आगरालीक्स…आगरा में एमएलसी चुनाव का प्रचार कल शाम से थम जाएगा. 23 को मतदान. वोटिंग के दौरान हर बूथ की होगी वीडियोग्राफी. मंडलायुक्त ने दिए ये निर्देश
उत्तर प्रदेश विधान परिषद आगरा खंड शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए प्रत्याशियों में जोश और उत्साह छाया हुआ है. हर कोई मतदाताओं को लुभाने में लगा है. बुधवार 21 अक्टूबर को चुनाव प्रचार शाम 4 बजे से थम जाएगा ऐसे में आज मंगलवार को प्रत्याशियों ने अपना पूरा जोर दिखाया. घर—घर जाकर शिक्षकों से वोट मांगे.
23 को होगा मतदान
22 अक्टूबर की सुबह साढ़े 10 बजे से आगरा सहित 12 जिलों से पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना होंगी. 23 अक्टूबर की सुबह 8 बजे से शाम चार बजे तक इसके लिए मतदान होगा. मतदान के बाद सभी जिलों की पोलिंग पार्टियां आगरा के गल्ला मंडी पहुंचेंगी और यहां बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम में मतपेटिकाएं जमा होंगी. 27 अक्टूबर की सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी.
आगरा में 25 प्रत्याशी मैदान में
एमएलसी चुनाव के लिए आगरा में शिक्षक में 12 और स्नातक में 13 प्रत्याशी मैदान में हैं. आगरा खंड के 12 जिलों में शिक्षक में 50 हजार और स्नातक में 1.80 लाख मतदाता हैं.
मंडलायुक्त ने तैयारियों का लिया जायजा
मंगलवार को मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में एमएलसी चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई. आयुक्त द्वारा आगरा खण्ड के समस्त जनपदों के मतदेय स्थल, मतदान केंद्रों, जनपदवार मतदाताओं और माइक्रो ऑब्जर्वर के संख्यात्मक विवरण की समीक्षा की गयी. मंडलायुक्त द्वारा निर्देश दिए गए कि मतदान के एक दिन पहले सभी जनपदों में मतदेय स्थलों की संख्या के सापेक्ष माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती की जाए. लेखन सामग्री के वितरण की पर्याप्त व्यवस्था हो. कोई भी मतदाता स्वयं से पेन या स्केच आदि मतदेय स्थल के अंदर न ले जाए, यह सुनिश्चित किया जाए. रूट चार्ट की स्थिति, पोलिंग पार्टियों के लिए वाहनों की व्यवस्था तथा मतदेय स्थलों की सुरक्षा हेतु पुलिस बलों की तैनाती की स्थिति की समीक्षा की गई. निर्देश दिए कि मतदान के दौरान प्रत्येक बूथ पर वीडियोग्राफी कराई जाए. मतदान के बाद अपर जिला अधिकारी स्तर से एक उप जिला निर्वाचन अधिकारी और एएसपी स्तर के पुलिस अधिकारी की गठित संयुक्त टीम की देखरेख में ही बैलेट बॉक्स को सील किया जाए.