आगरालीक्स…आगरा में 36 अकर्षक झांकियों संग धूमधाम से निकली प्राचीन दशहरा शोभायात्रा. श्रीराम, रावण की सेना का युद्ध रहा आकर्षण का केन्द्र, हरे राम हरे कृष्णा संकीर्तन भी गूंजा
हाथ में सोठा लिए जय श्रीराम के जयकारों संग उछल कूद कर राक्षकों को चकमा देती वानरों की सेना और उसके पीछे रथ में विराजमान श्रीराम व भाई लक्ष्मण। सामने था राक्षसी सेना से साथ रथ में बैठा रावण। लोहामंडी जटपुरा स्थित प्राचीन श्रीरामचंद्र जी महाराज मंदिर से दशहरा शोभायात्रा में राम और रावण की सेना के बीच सजीव युद्ध की झांकी आकर्षण का मुख्य केन्द्र रही। लगभग 36 आकर्षक झांकियों संग भव्य शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
शोभायात्रा का शुभारम्भ मुख्य अतिथि समाजसेवी सुरेशचंद्र गर्ग ने श्रीराम लक्ष्मण के स्वरूप की आरती कर किया। हर तरफ श्रीराम और वीर बजरंगी के जयकारे गूंजते रहे। सर्वप्रथम विध्नविनाशक गणपति की झांकी, चामुण्डा देवी, श्रीबांके बिहारी, शिव पार्वती, राम दरबार, मां लक्ष्मी सहित आकर्षक झांकियां थीं। इस्कॉन मंदिर की हरे राम, हरे कृष्णा… के संकीर्तन में झांकी में श्रद्धालू भी झूमते नजर आए। मुण्डों की माला पहने हाथ में तलवार लिए मां काली झांकी के समाने सभी नतमस्तक दिखे। शोभायात्रा न्यूराजामंडी, तोता का ताल, लोहामंडी बाजार, सेंट जोंस चौराहा होते हुए खाती पाड़ा कान्हा पटेली पहुंची।

इस अवसर पर दशहरा कमेटी के मुख्य संरक्षक विनय अग्रवाल, अध्यक्ष दिनेश पाठक, मुकेश जैन, मनीष गर्ग, वीरेन्द्र अग्रवाल, प्रमोद सिंघल, अशोक अग्रवाल, विजय अग्रवाल, रितेश अग्रवाल, संजय सिंघल, भरत शर्मा भी मौजूद रहे।