आगरालीक्स…दुखद खबर. जिंदगी की जंग हार गई 10 साल की गुंजन. आवारा कुत्तों ने सिर से पांव तक 26 जगह काटा था. बोल नहीं पाती थी. अब हमेशा के लिए हुई खामोश.
आवारा कुत्तों के हमले और 26 जगह बुरी तरह से काटने से घायल हुई 10 साल की गुंजन आखिरकार जिंदगी की जंग हार गई. 10 साल की गुंजन बोल नहीं पाती थी. मां की पहले ही मौत हो चुकी है जबकि पिता धर्म सिंह बीमार रहते हैं. सोमवार सुबह आवारा कुत्तों के हमलों से घायल हुई मासूम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बच्ची के इलाज के लिए पांच घंटे तक ओटी में टांके लगाए गए. एआरवी वैक्सीन लगाई गई. लेकिन बच्ची की हालत इतनी गंभीर थी कि डॉक्टरों का यह प्रयास भी उसकी जिंदगी नहीं बचा सका. आज मासूम गुंजन की मौत हो गई. बोल न पाने वाली गुंजन हमेशा के लिए अब खामोश हो गई.

इस मामले में जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक अशोक अग्रवाल ने बताया कि गुंजन की मौत सैप्टिक शॉक की वजह से हुई है. कुत्तों के हमले के बाद वह सैप्टिक शॉक में चली गई थी जिसकी वजह से उसकी डेथ हुई है. बच्ची को जब यहां लाया गया था तभी उसकी हालत काफी गंभीर थी. गुंजन के परिजन आर्थिक रूप से कमजोर हैं, इसलिए उसके इलाज के लिए अस्पताल की तरफ से इंजेक्शन मंगाए गए लेकिन उसकी हालत फिर भी काफी गंभीर बनी रही और आज उसकी मौत हो गई.
आवारा कुत्तों के झुंड ने बोला था हमला
सोमवार सुबह साढ़े पांच बजे घर से बाहर निकली ही थी कि आवारा कुत्तों के झुंड ने मासूम के ऊपर हमला कर दिया. खूंखार हुए हमलावर कुत्तों ने गुंजन के सिर से लेकर पैर तक 26 जगह काट खाया. वह बोल नहीं पाती है इसलिए शोर नहीं मचा सकी. यही वजह रही कि काफी देर तक कुत्ते उसे काटते रहे. गुंजन के दिखाई न देने पर कुछ देर बाद परिजन आए, उन्होंने गुंजन को खून से लथपथ देखा, उसके शरीर पर कुत्ते के काटने के निशान थे. गंभीर हालत में जिला अस्पताल में लेकर पहुंचे.