आगरालीक्स…आगरा में सर्द रात में सड़क पर ठिठुरते मिले 16 पिल्ले. भाई बहन, शेल्टर होम संचालिका बनी मददगार तो एक फीमेल डॉग बनी इनकी मां
कहते हैं न…जिसका कोई नहीं उसका तो खुदा है यारो. जी हां, आगरा में 16 नवजात कुत्तों को कोई सड़क पर सर्दी भरी रात में बोरे में बंद करके फेंक गया. लेकिन वहां से गुजर रहे भाई बहन, शेल्टर होम संचालिका और एक फीमेल डॉग, जिसने इन्हें अपना दूध पिलाया, ने इन 16 नवजात कुत्तों को नया जीवन देने का काम किया. इनका वीडियो भी सामने आया है.
मामला आगरा का साई अस्पताल के पास का है. यहां से गुजर रहे न्यू आगरा के रहने वाले भाई बहन नताली शर्मा और टिवंकल की नजर सड़क पर पड़े एक बोरे पर पड़ी. बोरे में हलचल हो रही थी, उन्होंने बोरी खोली तो उसमें कुत्ते के छोटे—छोटे 16 कुत्ते थे. इनमें से कई की तो ठीक से आंख भी नहीं खुल सकी थी. सर्द रात में इस तरह सड़क पर इन छोटे—छोटे पिल्लों को देखकर दोनों भाई बहन का दिल पसीज गया.. इस दौरान वहां लोगों की भीड़ भी लग गई. किसी से डॉग शेल्टर होम चलाने वाली विनीता अरोरा का नंबर इन्हें मिला तो दोनों भाई बहन ने इसकी सूचना विनीता अरोरा को दी.
शेल्टर होम कैस्पर्स होम चलाने वाली विनीता अरोरा की एक टीम यहां पहुंची तो सभी 16 पिल्लों को रेस्क्यू कर शेल्टर होम लाया गया. उनकी टीम पिल्लों को बचाने के लिए जुट गई. बच्चों को पाउडर वाला दूध पिलाने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने दूध नहीं पीया. इस पर किसी ने बताया कि पास में ही एक स्ट्रीट फीमेल डॉग है जिसने हाल ही में बच्चे दिए थे लेकिन उसके बच्चे मर गए हैं. तब से वो अपने बच्चे के लिए रोती रहती है. ऐसे में कैस्पर्स होम की टीम उस फीमेल डॉग को शेल्टर होम लाई और उसे एक अलग कमरे में ले जाया गया. इन 16 नवजात पिल्लों को देखकर फीमेल डॉग भी उनसे प्यार करने लगी और उसने सभी बच्चों को अपना दूध पिलाया. इस नजारे को देखकर वहां सभी लोगों ने तालियां बजाईं. 16 में से एक बच्चे को नताली शर्मा अपने साथ ले गई है.
