आगरालीक्स…आगरा में 16 साल के बच्चे पर प्रेमानंद महाराज के प्रवचनों का असर. सुबह चार बजे बिना बताए निकल गया वृंदावन. बोला—महाराज जी से लेनी है दीक्षा, राधारानी की करनी है सेवा
वृंदावन के प्रेमानंद जी महाराज के प्रवचनों से प्रभावित होने वालों की संख्या काफी तेजी से बढ़ रही है. लोगों में आध्यात्मिक होने की रुचि जाग रही है. काफी संख्या में लोग रोजाना वृंदावन पहुंचकर प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन करने के लिए जाते हैं लेकिन आगरा के 16 साल के बच्चे पर महाराज जी के प्रवचनों का ऐसा असर हुआ कि वो घरवालों को बिना बताए सुबह 4 बजे वृंदावन पहुंच गया. इधर बच्चे को घर पर न पाकर परिजन परेशान हो. कई बार फोन मिलाया लेकिन बेटे ने फोन नहीं उठाया. परेशान परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस ने लोकेशन तलाशकर बच्चे को 48 घंटे के अंदर परिजनों से मिला दिया.
जानें क्या है पूरा मामला
आगरा का रहने वाला एक 16 साल का बच्चा अक्सर मोबाइल में प्रेमानंद जी महाराज के प्रवचनों की रलील्स देखा करता था. अच्छे प्रवचनों को सुनने का उस पर असर होने लगा और वह धार्मिक चीजों में धीरे—धीरे रुचि लेने लगा. मोबाइल में सुबह से शाम तक सिर्फ महाराज जी के प्रवचनों के वीडियो ही देखता.
संत बनने के लिए निकल गया वृंदावन
इन प्रवचनों का असर बच्चे पर इतना पड़ा कि उसने संत बनने की ठान ली और 9 अक्टूबर की सुबह चार बजे घरवालों को बिना बताए वृंदावन के लिए निकल गया. वृंदावन पहुंचकर उसने स्वामी प्रेमानंद जी महाराज से दो बार मुलाकात भी की. इधर परिजनों ने कई बार उसे कॉल् की लेकिन उसने रिसीव नहीं किया. वो पुलिस के पास पहुंचे. पुलिस ने मोबाइल लोकेशन निकाली तो वो मथुरा की निकली. आज दोपहर को पुलिस मथुरा के लिए रवाना हुई और लोकेशन के आधार पर बच्चे को प्रेमानंद महाराज के आश्रम से खोज निकाला.
राधारानी की सेवा करनी है
पूछताछ में बच्चे ने बताया कि वो मथुरा प्रेमानंद महाराज से दीक्षा लेने गया था. वहां रहकर राधारानी की सेवा करना चहाता था. इधर बच्चे के वापस मिल जाने के बाद परिजनों ने पुलिस का आभार जताया और पुलिसकर्मियों का सम्मान किया.