आगरालीक्स…आगरा में नगर निगम की 36 पार्किंग स्थगित. गाड़ी खड़ी करने पर नहीं लिया जाएगा पार्किंग शुल्क. जानें कौन सी हैं पार्किंग और किस वजह से लिया गया निर्णय…
आगरा के संजय प्लेस में नगर निगम की 36 पार्किंग स्थगित कर दी गई हैं. इसको लेकर पार्किंग ठेकेदार को नोटिस भेजा जाएगा जिसके बाद गाड़ी पार्क करने में कोई भी शुल्क नहीं लिया जाएगा. यह निर्णय आगरा के संजय प्लेस में अधिवक्ता के साथ पार्किंग कर्मचारी द्वारा मारपीट के मामले के बाद लिया गया है. विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और व्यापारी आगरा नगर निगम पहुंचे और संजय प्लेस में पार्किंग का विरोध किया. नगर आयुक्त अंकित खंडेलवान ने ठेकेदार और अधिवक्ता के मामले में नाराजगी व्यक्त की और कहा कि किसी भी व्यापारी को कोई परेशानी नहीं होगी.व्यापारियों ने जताया विरोध
गुरुवार को नगर निगम में कार पार्किंग को लेकर अधिवक्ता और पार्किंग ठेकेदार के बीच विवाद हुआ था जिसमें पार्किंग कर्मचारी ने अधिवक्ता के साथ मारपीट की थी. इस घटना के बाद से व्यापारी विरोध में उतर आए हैं. शुक्रवार को सभी व्यापारी विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के साथ नगर निगम पहुंचे और विरोध जताया. उन्होंने कहा कि संजय प्लेस की जगह नगर निगम की नहीं है तो पार्किंग भी निगम की नहीं हो सकती. पार्किंग संजय प्लेस सोसाइटी को दी जाए. सोसाइटी निगम से अच्छा विकास कराएगी. निगम के राजस्व में भी कोई समस्या नहीं आने देगी.
नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि इस मामले को लेकर प्रशासनिक अधिकारी और मेयर के साथ एक बैठक रखी जाएगी. इसके बाद पार्किंग पर कोई निर्णय लिया जाएगा. जब तक कोई निर्णय नहीं आता तब तक के लिए संजय प्लेस की 36 पार्किंग व्यवस्था को स्थगित किया जाता है. शाम तक सभी पार्किंग ठेकेदारों को नोटिस पहुंच जाएगा और कोई भी पार्किंग शुल्क नहीं लगेगा.
ठेकेदार बोला—मेरे पैसे वापस कराओ
बैठक खतम् होने के बाद विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल नगरायुक्त कार्यालय से बाहर निकले. यहां ठेकेदार अनूप यादव विधायक से बोले कि ठेका तो निरस्त करा दिया लेकिन पैसे कौन वापस कराएगा. इस पर विधायक बोले कि पार्किंग व्यवस्था स्थगित हुई है निरस्त नहीं. अगर पैसे फंसेंगे तो उसे दिलवाने का काम भी हमारा है.