आगरालीक्स…आगरा सहित तीन जिलों में अग्निवीर भर्ती के लिए 10 जुलाई तक आनलाइन परीक्षा.
आगरा सहित झांसी और मथुरा में अग्नीवीर के विभिन्न श्रेणियों की ऑनलाईन लिखित परीक्षा 30 जून से चल रही है जो 10 जुलाई 2025 तक चलेगी. ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा भारतीय सेना की दो वर्ष पूर्व शुरू की गई एक पहल है जो अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में एक क्रांतिकारी परिवर्तन है. इसके लागू होने के बाद से इस प्रणाली ने भर्ती प्रक्रियाओं को अधिक सुव्यवस्थित किया है.मेजर जनरल ने लिया सीईई केंद्रों का जायजा
मुख्यालय भर्ती ज़ोन लखनऊ के ज़ोनल रिक्रूटिंग ऑफिसर मेजर जनरल मनोज तिवारी ने सेना भर्ती कार्यालय आगरा के अंतर्गत आनेवाले झांसी, आगरा और मथुरा स्थित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) केंद्रों का जायजा लेने के लिए 03 और 04 जुलाई 2025 को दौरा किया. इस निरीक्षण दौरे का संचालन सेना भर्ती कार्यालय आगरा की निदेशक (भर्ती) कर्नल रिश्मा सरीन ने किया. इस दौरे का उद्देश्य अग्निवीर भर्ती के ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा केंद्रों की संचालन प्रक्रिया की जांच करना और निर्धारित मानकों एवं प्रक्रियाओं के पालन की पुष्टि करना था. इस दौरान मेजर जनरल तिवारी ने परीक्षा के संचालन की बारीकी से समीक्षा की. उन्होंने लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं की जांच की, निगरानी तंत्र की कार्यक्षमता का परीक्षण किया, अभ्यर्थियों की पहचान की पुष्टि की और सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया. इस दौरान मेजर जनरल तिवारी ने कहा कि भारतीय सेना अपनी भर्ती प्रक्रियाओं को आधुनिक तकनीकी मानकों और युवाओं की आकांक्षाओं के अनुरूप ढालने के लिए सतत प्रयासरत है.