आगरालीक्स…आगरा में बंदर के हमले से छत से गिरे युवक की मौत. गर्मी में पानी और खाना न मिलने से बंदर और कुत्ते हो रहे खूंखार…आपके क्षेत्र में…
आगरा में भीषण गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल है. गर्मी का आलम ये है कि दिन में 47 डिग्री सेल्सियस का तापमान पहुंच गया है, लेकिन इस गर्मी में पशु पक्षियों का भी उतना ही बुरा हाल है जितना इंसानों का. बल्कि ये कहें कि पशु पक्षियों का हाल तो और भी ज्यादा खराब है. पानी और खाना न मिलने के कारण आगरा में बंदर और कुत्ते आक्रामक हो रहे हैं. वो किसी के भी निकलने पर हमला कर रहे हैं.
बंदर के हमले से मौत
आगरा में बंदर के हमले के कारण छत से गिरे एक व्यक्ति की मौत हो गई है. मृतक 52 वर्षीय शाहिद आटो चालक था. शाहिद यमुना पार के शाहदरा क्षेत्र में रहते थे. शुक्रवार शाम को छत पर बंदरों ने इनके ऊपर हमला कर दिया जिसके कारण यह छत से नीचे गिरकर घायल हो गए. परिजन इनहें अस्पताल लेकर गए जहां इलाज के दौरान इनकी मौत हो गई.
बंदरों के आतंक से परेशान लोग
यमुना पार के स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों का आतंक है. लोगों ने छत पर जाना बंद कर दिया है. कई बार बच्चे भी इनके हमले में घायल हो चुके हैं. शिकायत के बाद भी नगर निगम की ओर से इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की जाती है.