आगरालीक्स…आगरा में बदमाशों की तलाश में पुलिस की 6 टीमें, लेकिन 24 घंटे बाद भी बदमाश बेसुराग. सीसीटीवी किए जा रहे चेक. ज्वैलरी शोरूम में लूट और दिनदहाड़े बाजार में फायरिंग का मामला
आगरा के लोहामंडी बाजार में शनिवार को दिनदहाड़े नारायण अग्रवाल के ज्वैलरी शोरूम में हुई लूट और इसके बाद बाजार में बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग के मामले में पुलिस अभी भी बदमाशों से दूर है. घटना को 24 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है लेकिन पुलिस बदमाशों के बारे में कोई सुराग नहीं लगा सकी है. हालांकि पुलिस कमिश्नर द्वारा बदमाशों की तलाश और घटना के खुलासे के लिए काफी तेज कार्रवाई की जा रही है. 8 टीमों का गठन किया गया है. पुलिस कमिश्नर का कहना है कि जल्द ही इस घटना का खुलासा किया जाएगा और बदमाशों को अरेस्ट किया जाएगा.
घटना के एक दिन बाद भी खुलासा न होने से व्यापारियों में आक्रोश है. आगरा के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी इस मामले में अपना रोष जताया है. उन्होंने कल ही घटना का खुलासा न होने तक बाजार को बंद रखने का ऐलान किया था. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है. भागते समय बदमाशों का फुटेज भी वायरल हुआ है लेकिन बदमाश हेलमेट पहने हुए हैं जिसके कारण उनकी पहचान होना काफी मुश्किल हो रही है. शनिवार को कमिश्नर ने दो दिन का समय लेते हुए कहा कि लुटेरों को पकड़ लिया जायेगा और घटना का खुलासा कर दिया जायेगा.
ये है पूरी घटना
आगरा के लोहामंडी बाजार में नारायण अग्रवाल का ज्वैलरी शोरूम है. शनिवार दोपहर में वे ग्राहकों को ज्वैलरी दिखा रहे थे. इसी दौरान ज्वैलरी शोरूम में बदमाश घुस आए और ज्वैलरी लूट कर भागने लगे. ज्वैलर नारायण अग्रवाल ने शोर मचा दिया. बाइक से भागते बदमाशों का लोगों ने पीछा किया. ज्वैलरी लूट कर भागते एक बदमाश को लोगों ने पकड़ लिया, इसे देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, कई राउंड फायरिंग की। बदमाशों की फायरिंग से चार लोग घायल हो गए. बाजार में दहशत फैल गई, लोग दुकानों के अंदर घुस गए. फायरिंग करते हुए बदमाश भाग गए.