आगरालीक्स….Agra News: आगरा में फ्लैट में रिटायर इंजीनियर का बेड पर शव मिला है। पास में ही जोमेटो से मंगाया खाना और दवाओं का बॉक्स रखा था। दो दिन से फ्लैट न खुलने पर स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गेट खोलकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
आगरा के शास्त्रीपुरम में शिवम एलिगेंट अपार्टमेंट की फ्लैट संख्या 505 में 78 साल के रिटायर इंजीनियर शैलेंद्र कुमार अकेले रह रहे थे। शुक्रवार से उनका फ्लैट का गेट नहीं खुला, शनिवार को भी गेट ना खुलने पर अपार्टमेंट में रह रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अपार्टमेंट में पहुंच कर गेट खुलवाया।
बेड पर मिला रिटायर इंजीनियर का शव
फ्लैट का गेट खोलकर पुलिस अंदर घुसी तो बेड पर रिटायर इंजीनियर शैलेंद्र कुमार का शव पड़ा था, उसके पास ही जोमेटो का बाक्स रखा था जिसमें खाना और दवाएं थीं। आशंका है कि तबीयत खराब होने के चलते उन्होंने दवाएं मंगाई होंगी लेकिन दवा भी नहीं ले पाए और बेड पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस द्वारा पोस्मार्टम भी कराया जा रहा है जिससे मौत का कारण स्पष्ट हो सके।
पुणे में रहता है गोद लिया हुआ बेटा, रह रहे थे अकेले
फ्लैट में रिटायर इंजीनियर शैलेंद्र कुमार अकेले रह रहे थे, उनके परिवार में गोद लिया हुआ एक बेटा है वह सैन्य कर्मी है और पुणे में तैनात है वह कभी कभी यहां आता था। रिटायर इंजीनियर शैलेंद्र कुमार भी लोगों से बहुत कम बात करते थे। उनके रिश्तेदार लोहामंडी में भी रहते हैं उन्हें पुलिस ने सूचना दे दी है।