फिरोजाबादलीक्स…फिरोजाबाद में 10 साल की बच्ची की हत्या. कक्षा तीन की थी छात्रा. गले में कसा था रस्सी का फंदा…पुलिस कर रही जांच…
आगरा मंडल के फिरोजाबाद में सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है. थाना नारखी के रजावली में एक 10 साल की बच्ची की हत्या की गई है. रस्सी से उसका गला घोंटा गया है. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. परिजनों सहित ग्रामीणों ने बच्ची की मौत पर आक्रोश जताया है और उसका शव रखकर एटा मार्ग पर जाम लगा दिया. करीब ढाई घंटे तक आक्रोशित लोगों ने शव नहीं उठने दिया . अधिकारियों के समझाने के बाद शव को उठाया गया. बच्ची का शव बाजरे के खेत में पड़ा मिला और उसके गले में रस्सी बंधी थी.पिता के साथ गई थी बकरी चराने
गढ़ी पांडेय में देवेंद्र बघेल रहते हैं. इनकी 10 साल की बेटी काजल है जो कि कक्षा तीन में पढ़ती है. बुधवार सुबह सात बजे वह अपने पिता के साथ खेतों पर बकरी चराने के लिए गई थी. कुछ समय बीतने के बाद पिता घर पर चाय पीने के लिए चला गया. वापस लौटकर आया तो काजल वहां नहीं थी. उसने काफी खोला लेकिन काजल का कुछ पता नहीं चला. इसके बाद उसने ग्रामीणों के साथ मिलकर पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर आकर खोजबीन की तो एक बाजरे के खेत में उसका शव पड़ा मिला. बच्ची के गले में रस्सी से फंदा कसा हुआ था. रस्सी में तीन से चार गांठ भी लगाई थी.
पुलिस ने जब शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया तो आक्राशित परिजनों व ग्रामीणों ने शव को उठाकर एटा मार्ग पर रख दिया और रास्ते को जाम कर दिया. आक्रोशित लोग हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे. सूचना पर एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद सहित सीओ टूंडला और नारखी व पचोखरा का फोर्स भी मौके पर पहुंच गया. काफी देर समझाने के बाद भी आक्रोशित लोग नहीं माने. इसके बाद एसएसपी सौरभ दीक्षित मौके पर आ गए और उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया और रिपोर्ट दर्ज कर जांच के आदेश दिए. करीब ढाई घंटे बाद जाम खुल सका. शव का पोस्टमार्टम पैनल की टीम से कराया जा रहा है.