आगरालीक्स…आगरा में व्यापारी की हुई थी हत्या. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया मौत का कारण. किराये के बंद मकान में खून से लथपथ मिला था शव
आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र के कल्पना कुंज में तीन दिन पहले एक किराये के मकान में खून से लथपथ व्यापारी का शव मिला था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जहां मौत का कारण हत्या आया है. मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या और लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
कमरे में से आ रही थी बदबू
कल्पना कुंज में तीन दिन पहले एक मकान के कमरे में बदबू आ रही थी. पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो कमरे में खून से लथपथ 60 वर्षीय फिरोजाबाद के व्यापारी राजकुमार उपाध्याय का शव मिला था. शव फर्श पर पड़ा था और उसके आसपास शराब की बोतल और गिलास पड़े थे. कमरे का सामान भी अस्त व्यस्त था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था.
आगरा आकर रहने लगे थे राजकुमार
मृतक के बेटे आशीष ने बताया कि उनके पिता राजकुमार फिरोजाबाद के आनंदीपुर में रहते थे और कुछ समय पहले ही अपना मकान बेचकर आगरा आए थे. उनके पास कैश और ज्वैलरी थी. वह यहां किराए के मकान में रहकर घर की तलाश कर रहे थे. आगरा में ही व्यापार करने की सोची थी, इसके लिए एक मकान में किराये पर दुकान भी ले ली थी. दुकान के लिए सामान इकट्ठा कर रहे थे. मकान मिलने के बाद पूरा परिवार आगरा ही आने वाला था. आशीष ने ये भी बताया कि एक लड़का सहयोग के लिए उसके पिता ने अपने पास रखा था जिसका आगरा में आना जाना रहता था. हत्या की पुष्टि होने के बाद अब पुलिस मामले की जांच कर रही है.