आगरालीक्स…आगरा के माही इंटरनेशनल स्कूल में हुआ भव्य इन्वेस्टिचर समारोह 2025. विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व को परखा
माही इंटरनेशनल स्कूल में छात्र परिषद गठन के अवसर पर इन्वेस्टिचर समारोह 2025 बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह समारोह विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व और विद्यालय की मर्यादा को बनाए रखने के संकल्प का प्रतीक बना। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त कैप्टन जय हिंद सिंह भदौरिया जी द्वारा विद्यालय अध्यक्ष संजय अग्रवाल, प्रबंध न्यास ट्रस्टी मंजरी अग्रवाल एवं प्रधानाचार्या इन्दु बिष्ट के साथ सरस्वती पूजन कर किया गया। इस अवसर पर नव-निर्वाचित छात्र परिषद् सदस्यों के अभिभावक भी आमंत्रित थे।समारोह में विद्यालय में सम्पन्न हुए लोकतांत्रिक चुनाव की झलक प्रस्तुत करते हुए एक वीडियो दिखाया गया, जिसमें इंटरव्यू राउंड, प्रचार अभियान और मतदान प्रक्रिया को दर्शाया गया। इसके पश्चात् पूर्व छात्र परिषद् सदस्यों को कर्तव्यों से मुक्त कर प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। वहीं छात्रा वेदिका के आकर्षक नृत्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस वर्ष के लिए चयनित विद्यालय परिषद् सदस्य इस प्रकार हैं – हेड बॉय – समर्थ गर्ग, हेड गर्ल – गौरी सिंघल, वाइस हेड बॉय – आदित्य चाहर, वाइस हेड गर्ल – ओजस्वी गौतम, अनुशासन प्रभारी – माधव चाहर, इशिका चौहान, आयुष सिंह एवं मैत्रेयी सिंह। साथ ही हाउस परिषद् के पदाधिकारियों को बैज एवं सैश से अलंकृत किया गया।
इस वर्ष विद्यालय में 5 नए क्लबों – आर्टिस्ट्री क्लब, कल्चरल क्लब, इको- सोशल क्लब, पोर्ट्रेयचर क्लब और स्पोर्ट्स क्लब की भी स्थापना की गई। प्रत्येक क्लब के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं कार्यकारिणी सदस्यों को बैज प्रदान किए गए।कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों ने समूह नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को और भी रंगारंग बनाया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि कैप्टन भदौरिया ने सभी नव-निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करेंगे।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में कैप्टन भदौरिया ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नैतिकता, परिश्रम, समर्पण और प्रतिबद्धता जैसे मूल्यों को जीवन का आधार बनाने पर बल दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ, जिसने सभी के मन में गर्व और एकता की भावना को और प्रबल कर दिया।