आागरालीक्स…आगरा के श्री प्रेम निधि जी मंदिर में लड्डू और लट्ठमार होली का रसपूर्ण आयोजन. कलाकारों ने अपने अंदाज में कराए बरसाना धाम के दिव्य दर्शन
नाई की मंडी स्थित श्री प्रेम निधि जी मंदिर में फाग उत्सव के द्वितीय दिवस लड्डू एवं लट्ठमार होली का आयोजन किया गया। “आजु नंदगाँव ते पाँडे आयो, फाग खेलन को न्यौतो लायो…”, “देखौ री माई! होरी खेलन की रीत…” जैसे ब्रज के पारंपरिक पदों की गूंज के बीच भक्तों ने साक्षात बरसाना की होली का आनंद प्राप्त किया। श्री हित प्रिया रास मंडल, बरसाना द्वारा फाग खेलते हुए भक्ति-रस से परिपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने लट्ठमार होली की अद्भुत प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को बरसाना धाम के दिव्य दर्शन कराए। रंग, रास और राग से सराबोर वातावरण में भक्तजन भक्ति भाव से झूम उठे।मंदिर के मुख्य सेवायक हरिमोहन गोस्वामी ने लड्डू एवं लट्ठमार होली का महत्व बताते हुए कहा कि जगद्गुरु श्रीमद्वल्लभाचार्य महाप्रभु द्वारा प्रणीत पुष्टिमार्ग में होली केवल ऋतु परिवर्तन का उत्सव नहीं, बल्कि परब्रह्म पूर्ण पुरुषोत्तम ठाकुर जी और श्री स्वामिनी जी (राधा जी) की अलौकिक नित्य निकुंज लीला का साक्षात् दर्शन है।
लड्डू होली ‘फाग के निमंत्रण की स्वीकृति’ का अलौकिक क्षण है। भाव यह है कि श्री वृषभानुपुर (बरसाना) से श्री स्वामिनी जी की ओर से सखा नंदगाँव में फाग खेलने का निमंत्रण लेकर आते हैं। जब नंदबाबा सहर्ष इस न्योते को स्वीकार करते हैं, तो उस अपार आनंद और उल्लास में लड्डू लुटाए जाते हैं। मंदिर में इसी भाव के साथ लड्डू वितरण कर उल्लास मनाया गया।