आगरालीक्स…आगरा में मां के अंगूठे से बनेगा 5 साल तक के बच्चों का आधार कार्ड, घर पर ही बनवा सकेंगे, पोस्ट इनफो पर करें आवेदन
आधार कार्ड बनवाना सभी के लिए जरूरी है। 5 साल तक के बच्चों का आधार कार्ड घर बैठे ही बनेगा। अगर आप भी अपने बच्चे का आधार कार्ड बनवाना चाह रहे है तो कहीं जाने की जरूरत नहीं है। इस काम में पोस्टमैन आपकी मदद करेगा।
पोस्टमैन अब सिर्फ आपके खत ही नहीं पहुंचाएंगे बल्कि घर पहुंचकर आपके 5 साल तक के बच्चों के आधार कार्ड भी बनवाएंगे। आगरा में यह काम शुरू भी हो चुका है। हालांकि अभी इसे गति पकड़ने में समय लगेगा क्योंकि साथ ही साथ पोस्टमैन को प्रशिक्षित करने का काम भी चल रहा है। पोस्ट आॅफिस के अधिकारियों के मुताबिक आगरा में जनवरी के महीने में पोस्टमैन द्वारा घर पहुंचकर मोबाइल अपडेशन का काम शुरू करा दिया गया था। इसके बाद सितंबर माह से 5 साल तक के बच्चों के आधार कार्ड घर पर ही बनवाने का काम भी शुरू करा दिया गया, लेकिन अभी ये काम स्पीड से नहीं हो पा रहा है। करीब 80 ब्रांच पोस्ट मास्टर को प्रशिक्षित किया जा चुका है, जिन्होंने मार्च के महीने में तकरीबन 200 से 300 बच्चों के आधार कार्ड उनके घर पर ही जाकर बनवाए। हालांकि इस काम को गति देने के लिए पोस्टमैन प्रशिक्षित हो रहे हैं। इसके बाद तेजी से आधार कार्ड बनने लगेंगे।

स्मार्ट फोन और एक डिवाइस के जरिए बनेंगे आधार कार्ड
पोस्टमैन यह आधार कार्ड घर पहुंचकर स्मार्टफोन और एक विशेष डिवाइस के जरिए बनवाएंगे। इसका उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उनके फोन पर एप भी इंस्टॉल किया जा चुका है। 5 साल से छोटे बच्चों का वैरीफिकेशन उनकी मां के अंगूठे के निशान से होगा। इसके लिए बच्चे का बर्थ सर्टिफिकेट और मां का आधार कार्ड नंबर होना जरूरी है।
पोस्ट इनफो पर करें आवेदन, 25 रूपये होगा शुल्क
हालांकि अभी बहुत से लोगों को यह पता नहीं है कि घर पर ही बच्चे का आधार कार्ड बनवाने के लिए वे क्या कर सकते हैं। इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक, आईपीपीबी ने बच्चों के आधार कार्ड बनाने की यह प्रक्रिया शुरू की है। संबंधित अधिकारी ने बताया कि जो लोग घर बैठे ही अपने बच्चे का आधार कार्ड बनवाना चाहते हैं, उन्हें पोस्ट आॅफिस के पोस्ट इनफो एप पर आवेदन करना होगा। इसके बाद डिवीजन को रिक्वेस्ट प्राप्त होगी। इसी रिक्वेस्ट के आधार पर उस वार्ड के ब्रांच पोस्ट मास्टर और पोस्टमैन को निर्देशित किया जाएगा। जिन्हें 48 घंटे के भीतर घर पहुंचकर यह काम करना होगा। इसके लिए 25 रूपये का शुल्क अदा करना होगा, जबकि पोस्ट आॅफिस में यह काम कराने पर कोई शुल्क नहीं देना होगा।
छोटे बच्चों की उंगलियों की लकीरें स्पष्ट नहीं होतीं
छोटे बच्चों के आधार कार्ड का सत्यापन मां के अंगूठे के निशान से किया जाएगा। छोटे बच्चों की उंगलियों की लकीरें स्पष्ट नहीं होतीं। बच्चे का आधार बनवाने में अगर मां का आधार नंबर नहीं है तो पिता का आधार नंबर स्वीकार किया जाएगा।