आगरालीक्स…आगरा में नगर निगम चुनाव इसी साल होने हैं. ऐसे में नगर निगम अभी से राजनीतिक दलों का अखाड़ा बनने लगा है. सोमवार को भाजपा पार्षद तो आज आम आदमी पार्टी ने यहां धरना दिया. जानें किस वजह से दिए जा रहे धरने…
आगरा में नगर निगम अब राजनीतिक दलों का धरना प्रदर्शन करने का अखाड़ा बनने लगा है. नगर निगम के चुनाव इसी साल संभावित हैं. ऐसे में राजनीतिक दलों ने रणनीतियां भी बनाना शुरू कर दी हैं और समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन करना भी शुरू कर दिया है. सोमवार को बल्केश्वर के भाजपा पार्षद विमल गुप्ता ने स्ट्रीट लाइटें बंद होने, सफाई व्यवस्था ठप होने और ग्रीन गैस द्वारा रोड कटिंग के बाद सड़कों को बर्बाद करने और गड्ढों को न भरने के खिलाफ नगर निगम अधिकारियों से शिकायत की और धरना प्रदर्शन किया. वहीं कमला नगर से सटे वार्ड 87 के पार्षद रवि शर्मा ने भी नगर निगम में धरना दिया. उन्होंने अधिशंासी अभियंता पर जानबूझ कर उनके वार्ड में कार्य का टेंडर अपलोड नहीं किए जाने का आरोप लगाया.

आज आम आदमी पार्टी ने भी नगर निगम में धरना दिया. पार्टी का आरोप है कि नगर निगम में विज्ञापन प्रभारी द्वारा काफी अनियमितताएं की जा रही हैं. आप द्वारा उनके खिलाफ ज्ञापन दिया जाना था लेकिनल सुरक्षाकर्मियों ने जाने से रोक दिया और चैनल बंद कर दिया जिससे गुस्साए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गेट पर ही नारेबाजी करना शुरू कर दिया ओर वहीं धरने पर बैठ गए. करीब दो घंटे बाद अपर नगर आयुक्त ने आकर उनका ज्ञापन लिया.