आगरालीक्स…अभिनेत्री रवीना टंडन को मिला पद्मश्री अवार्ड. आगरा से भी है अभिनेत्री का गहरा नाता…
फिल्म अभिनेत्री रवीना टंडन को आज राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह में पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित किया गया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें इस सम्मान से नवाजा. फिल्म अभिनेत्री रवीना टंडन का आगरा से भी गहरा नाता जुड़ा है. आगरा के टीला माईथान में इनके पिता रवि टंडन रहते थे, जिन्होंने माईथान की गलियों से मुंबई तक शोहरत की ऊंचाई को छुआ और उनकी शोहरत को उनकी बेटी अभिनेत्री रवीना टंडन ने भी ऊंचाइयों तक पहुंचाया है. पिछले साल ही रवि टंडन का निधन हुआ था जिसकी सूचना पर आगरा में उनके कॉलेज के समय के दोस्तों की आंखें भी नम हो गई थीं और उन्होंने रवि टंडन से जुड़ी कई यादें भी साझा कीं.
1960 से पहले माईथान में फिल्म निर्देशक रवि टंडन रहा करते थे. उनका बचपन माईथान की गलियों में ही गुजरा. हालांकि रवीना टंडन का जन्म मुंबई में हुआ था. लगभग पांच साल पहले माईथान के रहने वाले भारतभूषण गप्पी ने एक कार्यक्रम में आईं रवीना टंडन से जब पूछा कि माईथान के बारे में कितना जानती हैं तो उन्होंने कहा था कि माईथान मेरे पिता की वो जमीं है जहां से उनके जीवन की सफलता की कहानी शुरू होती है. रवीना ने कहा था कि पापा उन्हें माईथान की गलियों के बारे में बताते थे तो वो काफी उत्सुक हो जाती थीं.
