आगरालीक्स…आगरा के एसएन में शुरू हुई एडवांस्ड 24 घंटे सेंट्रल लैब. गुर्दा रोग, हृदय रोग, डायबिटीज, बांझपन की होंगी आधुनिक जांचें…जल्द किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा भी होगी शुरू
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में एडवांस्ड 24 घंटे सेंट्रल लैब को शुरू किया गया है. इसका उद्घाटन कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने किया. एसएनएमसी के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशान्त गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में के बायोकेमिस्ट्री विभाग में मरीजों के लिए 24 नई जाँचें शुरू की गई हैं. प्रधानाचार्य ने बताया कि सम्बन्धित फर्म द्वारा सेन्ट्रल लैब का उच्चीकरण किया गया है जिसमें नये उपकरण 04 फुल ऑटोएनालाइजर, 02 हॉर्मोंस एनालाइजर, 03 एबीजी मशीन, 02 इलैक्ट्रोलाइट एनालाइजर, 03 सेन्ट्रीफ्यूज और 02 प्वाइंट ऑफ केयर मशीनें तथा इंफ्रास्ट्रक्चर एवं मैन पावर शामिल हैं.उन्होंने बताया कि असाध्य रोग में कैंसर की सभी प्रकार की बीमारी, हार्ट कि सभी प्रकार की बीमारी, लिवर की लास्ट स्टेज की बीमारी व किडनी की लास्ट स्टेज की बीमारी आती हैं और जिनके पास गृहस्थ राशन कार्ड है, वह मेडिकल कॉलेज लेकर आयें उनका असाध्य रोग का कार्ड बनेगा और उनकी सभी जाँचें निशुल्क की जायेंगी. उन्होंने कहा कि कार्डियक में जो स्टेंटिंग होती है,जिसकी क़ीमत 70 हज़ार है वह भी असाध्य रोग कार्ड के माध्यम से नि:शुल्क की जाएगी. प्रधानाचार्य डॉ प्रशांत गुप्ता ने कहा कि एसएन में जल्द किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा भी शुरू करेंगे. उन्होंने बताया कि सुपरस्पेशलिस्ट डॉक्टर्स द्वारा कुछ हाई एंड जांचों की ज़रूरत होती है वह भी अब मेडिकल कॉलेज में की जायेंगी.
सेन्ट्रल लैब प्रभारी डॉ कामना सिंह द्वारा बताया गया कि पूर्व में यहाँ मरीजों की 54 प्रकार की जॉचें होती थी जिसमें 24 नई जाँचें और सम्मलित की गई हैं जो वर्तमान में बढ़कर कुल 78 प्रकार की जाँचें हो गई हैं. इन नई जाँचों का लाभ गुर्दा रोग, हृदय रोग, डायबिटीज एवं बांझपन के मरीजों को मिलेगा. यह भी बताया गया कि सेन्ट्रल लैब में 2021-22 के दौरान 06 लाख जाँचें हुई थी जो कि 2024 में बढ़कर 19 लाख जाँचें हुई हैं। कॉलेज में अब निजी लैबों की तरह लगभग हर प्रकार की जाँच सुविधा उपलब्ध है.