आगरालीक्स…आगरा रेल मंडल ने विशेष टिकट जांच अभियान में तीन महीने में पकड़े 1.40 लाख मामले. 8.76 करोड़ का राजस्व वसूला. अकेले जून के आंकड़े जान चौंक जाएंगे
आगरा रेल मंडल ने विशेष टिकट चैकिंग अभियान में तीन महीने में 8 करोड़ से अधिक का राजस्व प्राप्त किया है. प्रथम तिमाही अप्रैल, मई व जून में चलाए गए विशेष टिकट चेकिंग अभियान में बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा, बिना बुक लगेज और गंदगी फैलाने व धूम्रपान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की. इसके अलावा अनाधिकृत वेंडरों एवं स्टेशन से गुजरने वाली गाड़ियों में भी जांच की गई. तीन महीने में आगरा रेल मंडल ने 1.40 लाख केस पकड़े जिनसे 7.76 करोड़ का राजस्व वसूला
जून में 2.98 करोड़ राजस्व वसूला
मंडल रेल प्रबंधक आगरा तेज प्रकाश अग्रवाल के दिशा निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमित आनन्द के नेतृत्व में चले अभियान में जून माह में ही 23077 बिना टिकट यात्रियों से रु-1.74 करोड़, अनाधिकृत यात्रा करने वाले 24034 यात्रियों से रु- 1.24 करोड़ तथा बिना बुक लगेज के साथ यात्रा करने वाले 25 यात्रियों से रु- 7975/- सहित कुल 47136 यात्रियों से रु- 2.98 करोड़ का जुर्माना वसूला गया. जून माह – 2024 में आगरा छावनी स्टेशन से 25267 केस पर 1.67 करोड़ रुपये , आगरा फोर्ट स्टेशन से 12149 केस पर लगभग 72 लाख रूपये तथा मथुरा जं. स्टेशन से 9720 केस पर 58.51लाख रुपये रेल राजस्व के रूप में जुर्माना वसूला गया.
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में टीटीआई/आगरा फोर्ट पीके बैरवा ने सबसे अधिक राजस्व वसूला इस दौरान उन्होंने 1182 केस दर्ज कर लगभग 6.03 लाख रूपये, सीनियर टीई/आगरा छावनी विनय उपाध्याय ने 1018 केस दर्ज कर 6.22 लाख तथा सीनियर टीई/मथुरा रावेन्द्र कुमार ने 892 केस दर्ज कर 6.36 लाख रूपये रेलवे के खाते में रेल राजस्व के रूप में जमा कराए. मंडल में टिकट चेकिंग कर्मचारियों द्वारा उत्कृष्ट कार्य करते हुए इस वित्तीय वर्ष की प्रथम तिमाही में सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रिकार्ड अर्निंग अर्जित की है.
जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि टिकट चेकिंग अभियान को और गति देते हुए चेकिंग स्क्वायड टीमों द्वारा ट्रेनों में औचक टिकट जांच की जा रही है. मंडल के विभिन्न रेल खंडों और मुख्य रेलवे स्टेशनो पर भी सघन टिकट जांच की जा रही है. उत्तर मध्य रेलवे यात्री सेवा में सदैव तत्पर है.