आगरालीक्स…आगरा के मनी एक्सचेंजर को गोली मारकर दिल्ली के गैंग ने लूटा था. तीन अरेस्ट..पुलिस ने किया घटना का ऐसा खुलासा कि टीम को मिलेंगे 25 हजार का इनाम
आगरा के वीआईपी रोड यानी फतेहाबाद रोड पर हुई मनी एक्सचेंजर से लूट का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. पुलिस ने गैंग के तीन बदमाशों को अरेस्ट किया है जबकि तीन फरार हैं. पुलिस ने इनके पास से पांच लाख की विदेशी करेंसी, दो फोरव्हीलर्स, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं. यह वारदात काफी हाईटेक तरीके से अंजाम में दी गई थी, घटना का खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया गया है.
ये है मामला
आगरा में वीआईपी रोड यानी फतेहाबाद रोड स्थित हावर्ड पार्क प्लाजा के सामने जेआर फॉरेक्स सॉल्युनशन प्राइवेट लिमिटेड के नाम से मनी एक्सचेंज है. मनी एक्सचेंज के संचालक मनीष शर्मा और रचित क्वात्रा हैं. मंगलवार रात आठ बजे मनीष शर्मा और रचित क्वात्रा ने मनी एक्सचेंस को बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे. रचित क्वात्रा बाहर निकल आए जबकि मनीष शर्मा अंदर थे। इसी दौरान कार सवार चार बदमाश आए.

सीने में मार दी गोली, कार में बैठकर फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रचित सड़क पर खड़े थे, बदमाश कार को उनकी तरफ ले गए, बचने के लिए रचित क्वात्रा फुटपाथ पर चढ़ गए. कार से एक बदमाश उतरा, उसने रचित के हाथ में लगा बैग छीना. जब बदमाश बैग नहीं छीन पाया तो उसका दूसरा साथी आ गया उसने रचित को पीछे से पकड़ लिया. इसके बाद भी रचित ने बैग नहीं छोड़ा, तीसरा बदमाश कार से उतरा, उसने रचित के सीने में गोली मार दी. गोली लगते ही रचित नीचे गिर गए और बदमाश बैग लेकर कार से फरार हो गए.
आगरा पुलिस कमिश्नर डॉक्टर प्रतिंदर सिंह के इंस्ट्रक्शन पर आगरा पुलिस इस लूट का खुलासा करने में लगी हुई थी. पुलिस ने आज जब इस लूट का खुलासा किया तो कई चौंकाने वाली बात सामने आई. यह लूट बहुत ही हाईटेक तरीके से अंजाम दी गई थी. पुलिस ने घटना में मास्टरमाइंड सहित तीन बदमाशों को अरेस्ट किया है और तीन फरार हैं. 12 लाख जुए में हारने के बाद इस लूट की साजिश रची गई थी. यह साजिश वंश और कृष्णा ने रची थी. दोनों ने कर्ज को उतारने के लिए स्नैपचेट के जरिए दिल्ली के गैंग से संपर्क किया था और फिर इस गैंग के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया गया.
पकड़े गए बदमाशों के नाम
कृष्णा यादव उर्फ विक्की
वंश गोयल उर्फ काके
विक्रम बेनवाल
पूछताछ में इन्होंने बताया कि इन पर काफी कर्जा था और देनदार लगातार तकादा कर रहे थे. ऐसे में हमने लूट की योजना बनाई. हमने सोचा कि आगरा में ताजमहल है और विदेशी पर्यटक भी खूब आते हैं तो वहां मनी एक्सचेंजर जरूर होगा. फिर हमने मनी एक्सचेंजर को लूटने की योजना बनाई. पुलिस ने इनके पास से पांच लाख की विदेशी करेंसी और दो चार पहिया वाहन बरामद किए हैं. इसके अलावा तमंचे और कारतूस भी मिले हैं. तीन फरार बदमाशों की तलाश है डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि सर्विलांस इंचार्ज अंकुर मलिक और एसओजी नगर जोन प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह और थाना ताजगंज इंस्पेक्टर देवेंद्र शंकर पांडे ने यह कार्रवाई की. खुलासा करने पर आगरा पुलिस कमिश्नर डॉक्टर प्रतिंदर सिंह की तरफ़ से पूरी टीम को 25 हज़ार का ईनाम देने की घोषणा की गई हे.