आगरालीक्स…आगरालीक्स आगरा में आइस फैक्ट्री में अमोनिया गैस का रिसाव होने से सांस लेने में परेशानी होने लगी, कई बच्चे बेहोश हो गए। फैक्ट्री संचालक और कर्मचारी मौके से भाग गए। फैक्ट्री को सील कर दिया है। दमकल कर्मियों ने मास्क पहनकर फैक्ट्री के अंदर जहां से अमोनिया गैस का रिसाव हो रहा था उसे बंद किया।
आगरा के नुनिहाई रोड, ट्रांस यमुना कॉलोनी में गर्ग आइस फैक्ट्री है, फैक्ट्री संचालक कमला नगर निवासी प्रखर गर्ग हैं। फैक्ट्री के आस पास रिहायशी क्षेत्र है और लोग रहते हैं। शनिवार शाम छह बजे फैक्ट्री से अमोनिया गैस का रिसाव होने लगा, कुछ ही देर में आस पास के क्षेत्र में अमोनिया गैस से लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी।
बच्चे हुए बेहोश
फैक्र्टी के पीछे बने घरों में रह रहे लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई, कई बच्चे अमोनिया गैस के कारण बेहोश हो गए। ऐसे में लोग बच्चों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग फैक्र्टी के बाहर जुट गए और हंगामा करने लगे।
दमकल कर्मियों ने गैस रिसाव को रोका
पुलिस फोर्स के साथ ही दमकल कर्मी भी पहुंच गए। गैस का रिसाव होने पर दमकल कर्मी मास्क पहनकर अंदर गए, फैक्र्टी के तीन वाल्व खुले हुए थे, जिसके कारण अमोनिया गैस का रिसाव हो रहा था। दमकल कर्मियों ने वाल्व को बंद किया, इसके बाद अमोनिया गैस का रिसाव बंद हुआ, करीब तीन घंटे बाद हालात सामान्य हुए।
फैक्र्टी की गई सील
प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार मिश्र का कहना है कि मौके से संचालक प्रखर गर्ग और कर्मचारी भाग गए, फैक्ट्री को सील कर दिया है, जांच कराई जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।