आगरालीक्स…आगरा में देशभक्ति के रंग में रंगे नन्हे—मुन्ने. बचपन और एकेडेमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल ने मनाया आजादी का पर्व
बचपन और एकेडेमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल, भावना एस्टेट सिकंदरा, आगरा में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास, उल्लासपूर्ण वातावरण और देशभक्ति की उमंग के साथ मनाया गया। सुबह-सवेरे ही विद्यालय परिसर को तिरंगे झंडों, रंग-बिरंगे गुब्बारों, फूलों और देशभक्ति के नारों से सजाया गया। हर ओर देशप्रेम का जोश और आज़ादी का गर्व साफ़ झलक रहा था।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहित गर्ग द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद सभी शिक्षक, और बच्चे एक स्वर में खड़े होकर राष्ट्रीय गान गाया। इस क्षण ने सभी के मन में अपार गर्व और देश के प्रति सम्मान की भावना भर दी। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मासूम मुस्कान और जोश से भरपूर प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। रंग-बिरंगी पारंपरिक और सांस्कृतिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने देशभक्ति गीत, कविताएँ, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत के स्वतंत्रता संग्राम, शहीदों के बलिदान और एकता के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कुछ बच्चों ने स्वतंत्रता सेनानियों की भूमिका निभाकर सभी को भावुक कर दिया, वहीं कुछ ने अपने हाथों से बनाई देशभक्ति से जुड़ी पेंटिंग और पोस्टर प्रदर्शित किए, जिनमें एकता, भाईचारे और राष्ट्र के प्रति समर्पण की झलक साफ़ दिखाई दी। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने भी बच्चों को स्वतंत्रता दिवस का ऐतिहासिक महत्व समझाया और बताया कि यह केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारे वीर सपूतों की कुर्बानी की याद दिलाने वाला दिन है। उन्होंने बच्चों से वादा लिया कि वे हमेशा ईमानदारी, अनुशासन और परिश्रम के साथ देश की सेवा करेंगे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहित गर्ग जी और गुंजन गर्ग (निदेशक) जी ने अपने संबोधन में कहा – “हमारे देश की आज़ादी अनेक वीरों के बलिदान का परिणाम है। हमें इस आज़ादी की रक्षा के लिए सदैव सतर्क, एकजुट और अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहना होगा। आने वाली पीढ़ियों को देशप्रेम की शिक्षा देना हम सबकी ज़िम्मेदारी है।”
कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् की गूंज और तिरंगे की लहराती शान के साथ हुआ। विद्यालय का पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा रहा और यह आयोजन बच्चों के लिए एक प्रेरणादायी व अविस्मरणीय अनुभव बन गया।इस कार्यक्रम को सफल बनाने में दीप्ति चौहान (कोऑर्डिनेटर), परनिता निगम (कोउनसेलर)और सभी कक्षा अध्यापिकाओ का योगदान रहा।
