आगरालीक्स…आगरा में बोले भाजपाई—अंग्रेजों से ज्यादा देश को लूट रही है कांग्रेस. कांग्रेस सांसद धीरज साहू को बताया भ्रष्टाचार की दुकान
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के घर से 200 करोड रुपए से अधिक की नगदी बरामद होने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा महानगर और जिले के संयुक्त तत्वाधान में कांग्रेस के भ्रष्टाचार के खिलाफ धरने का आयोजन शहीद स्मारक संजय पैलेस पर किया गया। धरना प्रदर्शन में भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष भानु महाजन ने कहा कांग्रेस के नेताओं ने भ्रष्टाचार के मामले में अंग्रेजों को पीछे छोड़ दिया है। अंग्रेजों ने देश की सल्तनतों को लूटा लेकिन कांग्रेस ने देश के गरीब, मजदूर, किसान, आदिवासी किसी को नहीं छोड़ा। महानगर अध्यक्ष ने कहा कांग्रेस के भ्रष्टाचार को जनता देख रही है कांग्रेस सांसद धीरज साहू के घर से बरामद हो रहे नोट इसका प्रमाण हैं। विपक्ष का भ्रष्टाचारी गठबंधन लूट की गारंटी देता है वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार जनता की पाई पाई की वसूली की गारंटी लेती है।
उन्होंने कहा आज देश की जनता के सामने कांग्रेस की सच्चाई उजागर हो रही है कांग्रेस के भ्रष्टाचारी नेता अपने घरों में लाखों करोड़ों रुपए भ्रष्टाचार के दवा कर बैठे हैं। आज कांग्रेस के एक राज्यसभा सांसद के घर से इतनी बड़ी धनराशि बरामद होने से यह साफ हो गया है कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल सिर्फ और सिर्फ भ्रष्टाचार को बढ़ावा देते हैं।
इस मौके पर धरने को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री एमएलसी विजय शिवहरे ने कहा कांग्रेस नेताओं के भ्रष्टाचार को अब जनता समझ चुकी है उनके नेता भ्रष्टाचार कमीशन खोरी लूट खसोट और दलाली की गारंटी देते हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी और जनता के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करना है। पूर्व मंत्री विधायक डॉक्टर जी एस धर्मेश ने कहा जनता से जो पैसा भ्रष्टाचारियों ने लूटा है उस एक-एक रुपए का हिसाब भ्रष्टाचारियों से वसूल करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी है। जब कांग्रेस के एक सांसद के पास इतना पैसा बरामद हुआ है तो बाकी कांग्रेस सांसदों के पास कितनी भ्रष्टाचार की रकम होगी अंदाजा लगाना मुश्किल है। इस हिसाब से तो कांग्रेस पार्टी विश्व का सबसे भ्रष्टाचारी पार्टी साबित हो सकती है।
कांग्रेस के भ्रष्टाचार की कमाई मोदी वसूलेंगे पाई पाई
भाजपा महानगर और जिले द्वारा आयोजित संयुक्त धरना प्रदर्शन में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी के भ्रष्टाचार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कांग्रेस के भ्रष्टाचार की कमाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वसूलेंगे पाई पाई।
इनकी रही मौजूदगी
कांग्रेस सांसद धीरज साहू के घर से करोड़ों रुपए की नगदी बरामद होने के बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं में महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, जिलाअध्यक्ष गिरिराज कुशवाहा, भाजपा प्रदेश मंत्री एमएलसी विजय शिवहरे, पूर्व मंत्री विधायक डॉ जी एस धर्मेश, बबीता चौहान, निर्मला दीक्षित, टीएन अग्रवाल, हेमेंद्र शर्मा एडवोकेट,महामंत्री डॉक्टर यादवेंद्र शर्मा, हेमंत भोजवानी, राजकुमार गुप्ता, गौरव राजावत, महेश शर्मा, वीरेंद्र श्रीवास्तव, शैलू पंडित , सुनील करमचंदानी, रोहित कत्याल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।