आगरालीक्स…आगरा कोर्ट में बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री पर मुकदमा दर्ज. भगवान श्रीकृष्ण पर दिए विवादित बयान को लेकर वाद दायर
भगवान श्रीकृष्ण पर की गई एक टिप्पणी को लेकर बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री इस समय चौरतफा घिरे हुए हैं. देश के राजनीतिक दलों ने उन्हें निशाना बनाना शुरू कर दिया है तो वहीं वृंदावन के संतों में भी उनके खिलाफ आक्रोश है और उनका प्रवेश वृंदावन में नहीं करने की चेतावनी भी दी गई है. यह मामला इतना ही नहीं है अब धीरेंद्र शास्त्री की इस विवादित टिप्पणी का मामला कोर्ट पहुंच गया है. बुधवार को अधिवक्ता अजय प्रताप सिंह द्वारा सिविल जज जूनियर डिवीजन पंचम कंचन कुमारी की कोर्ट में दायर मानहानि के वाद में सुनवाई हुई. कोर्ट ने सुनवाई के बाद अगली तिथि 14 दिसंबर नियत कर दी है.
अधिवक्ता अजय प्रताप सिंह ने बताया कि धीरेंद्र शास्त्री ने प्रभु श्रीकृष्ण पर अनुचित टिप्पणी की है. भगवान श्रीकृष्ण के वंशज आज भी देश में रहते हैं. इसका उल्लेख मथुरा गजेटियर और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के पहले महानिदेशक अलेक्जेंडर कनिंघम की रिपोर्ट आफ ए टूर इन ईस्टर्न राजपूताना इन 1882—83 में है. वह माता पक्ष से श्रीकृष्ण के वंशज हैं और धीरेंद्र शास्त्री का बयान भगवान श्रीकृष्ण के वंशजों की सामाजिक प्रतिष्ठा को हानि पहुंचाने वाला है.