आगरालीक्स…आगरा के प्रवेश मार्गों पर लगेंगे सीसीटीवी. राजस्व, पुलिस और परिवाहन की टीम बनाकर सख्त चैकिंग के आदेश. डीएम ने कहा—किसी भी सूरत में न होने पाए ये काम…
जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को जनपद में हो रहे अवैध खनन की रोकथाम के सम्बन्ध में कैम्प कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला खनन अधिकारी ने बताया कि अवैध खनन में संलिप्त वाहन मुख्यतः सीमावर्ती राज्य मध्य प्रदेश व राजस्थान से जनपद की सीमा में प्रवेश करते है, जिस पर जिलाधिकारी महोदय द्वारा सम्बन्धित सहासक पुलिस आयुक्तों को निर्देश दिये कि जनपद में प्रवेश के मार्गों पर बैरीकेटिंग लगाकर सघन चैकिंग अभियान चलाया जाये।जिलाधिकारी द्वारा जिला खनन अधिकारी को निर्देश दिये गये कि जनपद में प्रवेश के मार्गों पर सतत् निगरानी बनाये रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाये जाने हेतु प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया जाये और यथाशीघ्र सीसीटीवी लगवाना सुनिश्चित किया जाये। उन्होने यह भी निर्देश दिये कि अवैध खनन के स्थानों एवं अवैध खनन में संलिप्त वाहनों द्वारा प्रयोग किये जाने वाले सम्भावित मार्गों को भी चिन्हित किया जाये।
जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिये गये कि राजस्व, पुलिस एवं परिवहन की संयुक्त टीम बना कर पूरे जनपद में एक साथ आकस्मिक चैकिंग अभियान चलाया जाये और अवैध खनन में संलिप्ति व्यक्तियों एवं वाहनों पर विधि सम्मत कठोर से कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाये साथ ही अधिक से अधिक जुर्माना कर जुर्माना बसूला जाये। बैठक में उप जिलाधिकारी नीलम तिवारी, उप जिलाधिकारी ऋषि राव, जिला खनन अधिकारी, सम्भागीय परिवहन अधिकारी, सहासक पुलिस आयुक्त सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण आदि उपस्थित रहे।