आगरालीक्स…आगरा में ‘ओस की बूँदें..’ सूरसदन के मंच पर बिखरीं. सेंट मैरी स्कूल के वार्षिकोत्सव की महफिल में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीत लिया सबका दिल
देखो इन्हें ये हैं ओस की बूँदें। पत्तों की गोद में आसमाँ से कूदें। अँगड़ाई ले फिर करवट बदलकर। नाजुक से मोती हँस दें फिसलकर। खो न जाएँ ये तारे ज़मीन पर.. टन टन टन सुनो घंटी बजी स्कूल की, चलो स्कूल तुमको पुकारे। पल पल पल रोशनी जो मिली स्कूल की, जगमगाओगे तुम बनके तारे.. एक से बढ़कर एक ऐसे गीतों पर सब भाव विभोर होकर झूम रहे थे.. मंगलवार शाम सूरसदन में सेंट मैरी स्कूल के वार्षिकोत्सव की शानदार महफिल सजाई गई। नर्सरी से आठवीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और भारतीय संस्कृति से सराबोर एक से एक बढ़कर सुंदर, सार्थक और संदेशप्रद प्रस्तुतियों से समाँ बाँध दिया। विशिष्ट अतिथि बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार गौर, पूर्व डीजीसी क्राइम एड. बसंत कुमार गुप्ता और समाजसेवी राजीव गुप्ता ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिल जीतने वाले विद्यार्थियों को उपहार व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अतिथियों ने उत्सव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा को पंख मिलते हैं।
