आगरालीक्स…आगरा में मामूली विवाद में दो पक्षों में संघर्ष, गोलियां चलीं. दो लोग हुए घायल…
आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र स्थित नगला रामबल का है. यहां मामूली विवाद में दो लोगों को गोली मारी गई है. बात पथराव से शुरू हुई जिसके बाद झगड़ा हुआ और इसके बाद गोलियां चलीं.
नगला रामबल के सुमित नगर में सुबह-सुबह फायरिंग की वजह रात में फेंके जा रहे पत्थर बने। यहां रहने वाले अनिल के घर पर पिछले कुछ समय से रात में ईंट-पत्थर फैंके जा रहे थे. उनका शक पड़ोसी पर था, लेकिन कोई सबूत नहीं था. इस वजह से चुप थे. बीती रात भी जब फिर से उनके घर ईंटें फेंकी गईं तो उसका किसी ने वीडियो बना लिया. आज सुबह इस बात को लेकर अनिल पड़ोसी से शिकायत करने गया. पड़ोसी ने ईंट फेंकने से साफ इंकार कर दिया. जब अनिल ने ईंट फेंकते हुए उसका वीडियो दिखाया तो यह देखकर पड़ोसी भड़क गया. मुंह जोरी होते-होते बात बढ़ गई। आरोप है पड़ोसी के घर मौजूद लोग लाइसेंसी हथियार निकाल लाए और अंधाधुंध फारिंग कर दी. इस दौरान अवैध असलाहों से भी फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया गया.
अचानक हुई फायरिंग से वहां मौजूद अनिल पुत्र स्व. श्यामबाबू और उसका साला पुष्पेंद्र गोली लगने से लहूलुहान होकर मौके ही गिर पड़े. यह देख मौके पर अफरा-तफरी फैल गई. फायरिंग से बचने के लिए लोग इधर-उधर छिपने को भाग खड़े हुए. इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया. इसी बीच सूचना पर ट्रांसयमुना पुलिस सहित आसपास के थानों का पुलिसबल भी मौके पर पहुंच गया. पुलिस को देखते ही आरोपी इधर-उधर हो गए. पुलिस ने गोली लगने से लहूलुहान हालत में अनिल और उसके साले को उपचार के लिए एसएन अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना पर एसीपी छत्ता राकेश कुमार ने घटनास्थल का मुआयना किया. घायलों के परिजनों से घटना की जानकारी ली.