आगरालीक्स…आगरा में कॉसमॉस मॉल के कर्मचारियों को सिखाया—“काम के साथ पोस्चर का भी रखें ख्याल”.. सही तरीके से वजन उठाने और कार्यस्थल पर मस्कुलोस्केलेटल समस्याओं से बचाव पर विशेष प्रशिक्षण
आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी के जन-जागरूकता अभियान “Agra Moves Better–2026” के अंतर्गत गुरुवार को अशोक कॉसमॉस मॉल में कर्मचारियों के लिए विशेष Workplace Posture एवं Musculoskeletal Health Awareness Programme आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. गौरव राजपाल ने कर्मचारियों को सही पोस्चर बनाए रखने के फायदे बताते हुए कार्यस्थल पर होने वाले कमर, गर्दन, कंधे एवं घुटनों के दर्द से बचाव के व्यावहारिक तरीके समझाए। उन्होंने बताया कि काम के दौरान लंबे समय तक गलत मुद्रा में बैठना या खड़े रहना तथा गलत तरीके से वजन उठाना भविष्य में मांसपेशियों और जोड़ों की समस्याओं का कारण बन सकता है।
प्रशिक्षण में “Lift Smart” के माध्यम से विशेष रूप से यह बताया गया कि जमीन से सामान उठाते समय कमर पर अनावश्यक दबाव डालने के बजाय घुटनों को मोड़कर, भार को शरीर के करीब रखकर और सुरक्षित तकनीक अपनाकर उठाना चाहिए। कर्मचारियों को काम के बीच छोटे-छोटे ब्रेक, स्ट्रेचिंग, सही बैठने-खड़े होने की मुद्रा तथा नियमित शारीरिक गतिविधि अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में Agra Moves Better–2026 के चेयरमैन डॉ. डी. वी. शर्मा तथा AOS सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी ने भी सहभागिता की। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य हड्डी एवं जोड़ स्वास्थ्य की जानकारी को अस्पतालों से बाहर निकालकर लोगों के वास्तविक कार्यस्थलों तक पहुंचाना है, ताकि बीमारी और चोट होने से पहले ही उनकी रोकथाम की जा सके। कार्यक्रम में अशोक कॉसमॉस मॉल के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को अपने दैनिक काम से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करने और प्रश्न पूछने का अवसर भी मिला।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. रंजना बंसल ने Agra Orthopaedic Society एवं उपस्थित चिकित्सकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस प्रकार का व्यावहारिक प्रशिक्षण कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षित कार्य संस्कृति के लिए उपयोगी है। AOS द्वारा पूरे अगस्त माह में Agra Moves Better–2026 के अंतर्गत अस्पतालों, उद्योगों, स्कूलों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, खिलाड़ियों तथा विभिन्न कार्यस्थलों तक पहुंचकर हड्डी-जोड़ स्वास्थ्य, पोस्चर, osteoporosis, injury prevention और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लगातार जन-जागरूकता की जा रही है।