आगरालीक्स…आगरा में बसपा की टिकट पर जीती पार्षद ने थामा भाजपा का दामन. कहा— भाजपा की नीति और रीति में रखती हूं विश्वास. आप भी दें राय, क्या आगे और भी पार्षद करेंगे दलबदल
आगरा में नगर निकाय चुनाव बीतने के बाद ही बसपा की टिकट से पार्षद बनी एक महिला पार्षद ने भाजपा का दामन थाम लिया है. नगर निगम वार्ड 74 सिकंदरा से बसपा की टिकट से चुनाव जीतकर पार्षद बनीं गौरा ने पूर्व राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह के जयपुर हाउस स्थित कार्यालय पर पहुंचकर भाजपा ज्वाइन कर ली. चौधरी उदयभान ने उन्हें लड्डू खिलाए और भाजपा में शामिल कर लिया. भाजपा में शामिल होने के बाद ठाकुर गौरा देवी सिकरवार ने इस संबंध में भाजपा महानगर अध्यक्ष भानु महाजन को एक पत्र भी लिखा है जिसमें उन्होंने खुलासा किया है कि बसपा का टिकट पर चुनाव क्यों लड़ा और अब क्यों भाजपा में शामिल हुई हैं.

उन्होंने कहा कि वे बसपा की टिकट से चुनाव लड़ीं और 1260 मतों से विजयी हुईं. उन्होंने बताया कि वह शुरू से ही भाजपा की नीति और रीतियों में विश्वास रखती हैं. भाजपा की टिकट से ही चुनाव लड़ना चाहती थीं, क्येांकि उनके पति भाजपा के कार्यकर्ता थे. कई बार चौधरी उदयभान सिंह से भाजपा की टिकट से उम्मीदवारी की इच्छा भी बताई लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिल सकी जिसके बाद उन्होंने बसपा की उम्मीदवारी प्राप्त की और बसपा की टिकट से चुनाव लड़कर चुनाव जीता.