आगरालीक्स…आगरा में कंगना रानौत के खिलाफ अदालत में बहस. अब 6 अप्रैल को होगी सुनवाई. जानिए क्या है मामला
आगरा में प्रधानमंत्री और अभिनेत्री कंगना रानौत के खिलाफ कोर्ट में दर्ज मुकदमे को लेकर प्रस्तुत प्रार्थना पत्र मामले में अब 6 अप्रैल को सुनवाई होगी. सोमवार को इस मामले में कोर्ट में बहस हुई. स्पेशल जज एमपी एमएलए अर्जुन की कोर्ट में राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रमाशंकर शर्मा की ओर से अधिवक्ता बीएस फौजदार, रामदत्त दिवाकर, राजेंद्र गुप्ता धीरज, ओपी वर्मा और सत्य प्रकाश शर्मा ने बहस की. अधिवक्ताओं ने कहा कि अभिनेत्री ने आजादी को भीख में मिली बताकर उन तमाम देशभक्त शहीदों का अपमान किया है जिन्होंने आजादी के लिए फांसी के लिए अपनी जान तक दे दी.

ये है मामला
राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने 23 नवंबर को कोर्ट में प्रार्थना पत्र पेश करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अभिनेत्री कंगना रानावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए कहा था. अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा के अनुसार 17 नवंबर को उन्होंने अभिनेत्री द्वारा महात्मा गांधी के प्रति अपमानजनक एवं अमर्यादित टिप्पणी व पोस्ट को पढ़ा. इसमें आजादी भीख में मिली तथा महात्मा गांधी के अहिंसात्मक सिद्धान्त का मजाक उड़ाया था. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए थी लेकिन उन्होंने ऐसा न कर अपने कर्तव्य एवं उत्तरदायित्व का पालन नहीं किया. उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने भी गांधी जी पर अभद्र टिप्पणी की जिस पर भी पीएम ने मौन साध लिया था. इससे करोड़ों देशवासियों की भावना को ठेस पहुंचाई है.